अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से मंगलवार शाम 11 बाल अपचारी फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फरार अपचारियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं।
जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब 7:30 बजे की है। बाल संप्रेक्षण गृह के हाउस फादर मनीष कुशवाहा ने बताया कि भोजन के बाद कुछ बच्चे सोने चले गए थे, जबकि कुछ टीवी देख रहे थे। इसी दौरान 11 बाल अपचारियों ने खिड़की तोड़ दी और परिसर की दीवार फांदकर फरार हो गए। उस समय तेज बारिश और गरज-चमक होने के कारण ड्यूटी पर तैनात दोनों सुरक्षाकर्मियों को घटना की भनक नहीं लग सकी।

फरार हुए बाल अपचारियों की उम्र 14 से 17 वर्ष के बीच बताई जा रही है। इनके खिलाफ हत्या, दुष्कर्म और चोरी जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं। सभी अपचारी सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया जिलों के निवासी बताए जा रहे हैं।
हाउस फादर मनीष कुशवाहा ने आशंका जताई है कि अंबिकापुर के एक बाल अपचारी ने अन्य बच्चों को साथ लेकर फरारी की पूरी योजना बनाई। उसके खिलाफ शहर के विभिन्न पुलिस थानों में पहले से कई मामले दर्ज हैं।
घटना के बाद गांधीनगर थाना पुलिस ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन समेत संभावित ठिकानों पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। साथ ही बाल संप्रेक्षण गृह के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। मामले की जानकारी जिला प्रशासन और बाल कल्याण समिति को भी दे दी गई है।पुलिस का कहना है कि फरार बाल अपचारियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।