2 साल पुरानी हत्या का खुलासा, नाखूनों से मिले DNA ने पहुंचाया आरोपियों तक

रायपुर। राजधानी रायपुर में करीब दो साल पहले हुई महिला की हत्या के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। खमतराई थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में हुई इस वारदात में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस केस की जांच में सबसे अहम कड़ी करीब दो साल पहले घटनास्थल से जुटाया गया वैज्ञानिक सबूत बना। महिला के नाखूनों से मिले जैविक सैंपल का DNA प्रोफाइल बनाकर सुरक्षित रखा गया था। बाद में संदिग्धों के DNA से मिलान कराने पर तीनों आरोपियों का DNA मैच हो गया।

शराब को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस के मुताबिक, घटना 21 अगस्त 2024 की है। ट्रांसपोर्ट नगर निवासी लता साहू (40) के घर उसके परिचित मनहरण सारंग (33), राजेश पाल उर्फ चोटी उर्फ राजू (31) और राजू मंडल उर्फ बंगाली (35) पहुंचे थे। बताया गया कि चारों ने साथ में शराब पी। शराब खत्म होने के बाद दोबारा शराब लाने को लेकर विवाद शुरू हो गया।

विवाद बढ़ने पर झूमाझटकी होने लगी। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान राजू मंडल उर्फ बंगाली ने लता का गला दबाया, जबकि मनहरण सारंग ने उसके दोनों हाथ और राजेश पाल ने दोनों पैर पकड़ रखे थे।

बचने के लिए आरोपियों को नोचती रही महिला

पुलिस के मुताबिक, लता ने खुद को बचाने के लिए आरोपियों से संघर्ष किया और उन्हें नोचने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपियों के जैविक निशान उसके नाखूनों में रह गए। कुछ देर बाद लता की छटपटाहट बंद हो गई।

वारदात के बाद तीनों आरोपी घर में रखे कैश, साड़ी और पायल लेकर पीछे की दीवार से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, कैश तीनों ने आपस में बांट लिया, जबकि साड़ी और पायल मनहरण सारंग ने अपने पास रख ली थी।

दो साल तक सुरक्षित रहा DNA सबूत

हत्या के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती आरोपियों की पहचान करना था। जांच के दौरान लता के नाखूनों से अज्ञात व्यक्ति के जैविक नमूने मिले थे। पुलिस ने इन नमूनों का DNA प्रोफाइल तैयार कर उसे सुरक्षित रख लिया था।

करीब दो साल बाद वर्ष 2026 में जांच आगे बढ़ी और पुलिस को कुछ संदिग्धों के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद संदिग्धों के DNA सैंपल लिए गए। पुलिस के अनुसार, पुराने DNA प्रोफाइल से मिलान कराने पर तीनों आरोपियों का DNA महिला के नाखूनों से मिले जैविक नमूनों से मैच हो गया।

पूछताछ में सामने आई वारदात की कहानी

DNA मैच होने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ की शुरुआत में आरोपियों ने घटना को लेकर अलग-अलग बातें बताईं। हालांकि, वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ आगे बढ़ने पर पुलिस ने घटना से जुड़ी अहम जानकारी हासिल की। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया

पुलिस के मुताबिक, राजू मंडल उर्फ बंगाली के खिलाफ पहले से दो चोरी और एक हत्या समेत तीन मामले दर्ज हैं। लता साहू हत्याकांड उसके खिलाफ चौथा अपराध बताया गया है।

वहीं, मनहरण सारंग के खिलाफ मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाने और अवैध वसूली का मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
गिरफ्तार आरोपियों में मनहरण सारंग (33), रावांभाठा रायपुर, राजेश पाल उर्फ चोटी उर्फ राजू (31), नवागांव, मुंगेली और राजू मंडल उर्फ बंगाली (35), रावांभाठा खमतराई रायपुर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार राजू मंडल मूल रूप से दुर्ग का रहने वाला है। इस मामले में करीब दो साल तक सुरक्षित रखे गए DNA सैंपल ने आखिरकार हत्या की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभाई।

Exit mobile version