CG में सनसनी: 27 वर्षीय महिला ने नाबालिग के साथ किया अनाचार, सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद होटल बुलाकर रची साजिश

CG

कबीरधाम: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक महिला ने नाबालिग बालक को अपनी हवस का शिकार बनाया। कोतवाली पुलिस ने पीड़ित बालक की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

सोशल मीडिया से शुरू हुई थी जान-पहचान: जानकारी के अनुसार, पीड़ित नाबालिग और 27 वर्षीय महिला की मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और मुलाकातें होने लगीं। आरोप है कि 1 मार्च को महिला ने नाबालिग पर भावनात्मक दबाव बनाया और उसे ‘पसंद करने’ की बात कहकर भोरमदेव स्थित भुवनेश्वर होटल बुलाया।

जबरन अनाचार और धमकी का आरोप: होटल में महिला ने नाबालिग बालक के साथ जबरन अनाचार की घटना को अंजाम दिया। वारदात के बाद महिला ने पीड़ित को बुरी तरह डराया-धमकाया और किसी को बताने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। महिला के लगातार बढ़ते मानसिक दबाव और प्रताड़ना से परेशान होकर आखिरकार नाबालिग ने अपने परिजनों को आपबीती सुनाई और थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी: कोतवाली थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध क्रमांक 123/2026 के तहत धारा 4 पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया। विवेचना के दौरान साक्ष्य सही पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस की अपील: सोशल मीडिया पर रहें सतर्क: इस घटना के बाद कबीरधाम पुलिस ने आम जनता, विशेषकर युवाओं और बच्चों के अभिभावकों से अपील की है कि सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अनजान संपर्कों को लेकर सतर्क रहें। किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन में दें।

Exit mobile version