CG
बालोद: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र में एक 59 वर्षीय मकान मालिक ने अपनी ही किराएदार युवती की मजबूरी का फायदा उठाकर उसके साथ दरिंदगी की। आरोपी की करतूत और लापरवाही के कारण अंततः 22 वर्षीय युवती और उसके नवजात बच्चे दोनों की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मजबूरी का फायदा उठाकर बनाया शिकार
मृतक युवती अपने परिवार (मां, भाई और बहन) के साथ पिछले तीन साल से डौंडीलोहारा में सुनील घरडे (59) के मकान में किराए पर रह रही थी। कोविड में पिता की मौत के बाद परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। आरोपी सुनील, जो बीएसपी के एक रिटायर्ड कर्मचारी का बेटा है, अक्सर युवती पर गंदी नजर रखता था और पैसों का लालच देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने लगा।
प्रेग्नेंट होने पर यूट्यूब से ढूंढने लगा ‘मौत’ का तरीका
रेप के कारण जब युवती प्रेग्नेंट हो गई, तो आरोपी ने बदनामी का डर दिखाकर परिवार को चुप करा दिया। खुलासे में पता चला है कि आरोपी ने प्रेग्नेंसी छुपाने के लिए कई बार यूट्यूब (YouTube) पर गर्भ गिराने के तरीके सर्च किए। जब उसे कुछ समझ नहीं आया, तो उसने बच्चे के जन्म के बाद उसे फेंकने की साजिश रची। बदनामी के डर से युवती को किसी डॉक्टर के पास भी नहीं ले जाया गया।
लेबर पेन होने पर खिलाई पेन किलर, गई दो जानें
9 मार्च को जब युवती को प्रसव पीड़ा (लेबर पेन) शुरू हुई, तो आरोपी डॉक्टर के पास जाने के बजाय मेडिकल स्टोर से पेन किलर (दर्द निवारक दवा) ले आया। बिना किसी डॉक्टरी सलाह के दवा खिलाने से युवती की हालत और बिगड़ गई। दवा के असर और अत्यधिक दर्द के कारण बच्चा आधा बाहर आ चुका था, लेकिन सही इलाज न मिलने पर 15 मिनट के भीतर ही युवती और बच्चे दोनों ने दम तोड़ दिया।
पुलिस की कार्रवाई: आरोपी सलाखों के पीछे
घटना की सूचना मिलने के बाद डौंडीलोहारा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन कड़ी पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार घरडे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।