CG – सड़कों पर मौज-मस्ती करने 6 दोस्तों ने की लूटपाट: मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों पर अड़ाया चाकू… अंगूठी, पैसे और मोबाइल छीनकर हुए फरार… 5 दोस्त पकड़े गए

CG

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। वे किसी भी वारदात को अंजाम देने से नहीं घबरा रहे। इनमें पुलिस-प्रशासन का डर शून्य हो गया है। शुक्रवार को 6 दोस्तों ने शहर के अलग-अलग जगहों पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। लड़कों ने अपनी मौज-मस्ती के लिए मॉर्निंग वॉक कर रहे बुजुर्गों को निशाना बनाया। उन्होंने चाकू की नोक पर उनसे मोबाइल, अंगूठी और कैश छीन लिए। 1 घंटे में लगातार एक के बाद एक लूट की घटना की सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच पुलिस एक्टिव हो गई। आरोपियों को 10 घंटे के अंदर ही पकड़ लिया गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का मामला है।

मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह 5.15 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले छद्दू लाल यादव (55) के साथ लूट हुई। प्रियदर्शनी नगर के पास दो गाड़ियों में 6 लड़के सवार होकर आए। लड़कों ने उन पर चाकू अड़ा दिया। फिर वह जान से मारने की धमकी देते हुए उनसे रुपए और मोबाइल छीन लिया और फौरन मौके से फरार हो गए।

उन्हीं आरोपियों ने फिर लूट की 2 अलग-अलग घटनाओं को अंजाम दिया। कोतवाली क्षेत्र के टैगोर नगर चौक और तेलीबांधा क्षेत्र के फुण्हर चौक के पास की घटना है। जहां मॉर्निंग वॉक निकले हुए मोहनलाल सोनी(55) को सुबह 5 बजे और देवेंद्र सिंह राठौर (57) को सुबह 5.45 बजे निशाना बनाया। इन दोनों से भी लूट की शिकायत पुलिस के पास पहुंची। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने चाकू दिखाकर अंगूठी, कैश और मोबाइल लूट लिया। शहर में सिलसिलेवार हुई लूट के बाद रायपुर SSP डॉ लाल उम्मेद सिंह ने ASP संदीप मित्तल समेत क्राइम ब्रांच को आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

क्राइम ब्रांच की टीम ने घटनास्थल के आसपास और आरोपियों के भागने के रूट के करीब 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे चेक लिए। इस दौरान पुलिस ने एक पुराने लुटेरे तेलीबांधा निवासी राहुल गौन्द्रे को पहचान लिया। उसे गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ की गई। पुलिस को पूछताछ में आरोपी राहुल ने बताया कि सभी ने लूट अपने मौज-मस्ती और शौक पूरे करने के लिए की थी। राहुल के निशानदेही पर 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से 6,490 रुपए कैश, 1 सोने की अंगूठी, 5 मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल बाइक और एक्टिवा के साथ एक चाकू बरामद हुआ है। इस मामले में छठवां आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही हैं।

आरोपियों के नाम और उनका पता

  • राहुल गौन्द्रे, काशी राम नगर, रायपुर।
  • मोहम्मद ताज खान, काशी राम, रायपुर।
  • रॉकी टाण्डी सीमा नगर उड़िया बस्ती, रायपुर।
  • राजा कन्नौजे काशीराम नगर, रायपुर।
  • मोहम्मद ताहिर खान, काशी राम नगर, रायपुर।