कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद के बाद कक्षा 9वीं में पढ़ने वाली 17 वर्षीय छात्रा ने आत्महत्या कर ली। छात्रा का शव घर के बाथरूम में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं इलाके में भी सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मामला दर्री थाना क्षेत्र के अयोध्या पुरी बस्ती का है। मृतका की पहचान सानिया बानो के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद के बाद छात्रा ने यह आत्मघाती कदम उठाया।

घटना की जानकारी मिलते ही दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

