अवैध संबंध के शक में प्रेमी ने उतारा प्रेमिका को मौत के घाट: रविवार को लापता हो गई थी विधवा, अगले दिन खेत में मिली रस्सी से पैर बंधी लाश

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक महिला रविवार से लापता हो गई थी। जिसकी लाश सोमवार देर शाम धान के खेत में मिली है। बताया जा रहा है की महिला के दोनों पैर रस्सी से बंधे हुए थे। पूरे चेहरे और शरीर पर गंभीर चोट के निशान हैं। घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र की है। मंगलवार को शव का पोस्टमॉर्टम कर उसे परिजनों को सौंपा गया।

मृतक महिला की शिनाख्त सुशीला केरकेट्टा (36 वर्ष) के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। SDOP दीपक मिश्रा ने बताया कि आरोपी इस्माइल केरकेट्टा (28 वर्ष) से पूछताछ की जा रही है। जिसमें पता चला है कि विधवा सुशीला केरकेट्टा के साथ उसका प्रेम प्रसंग लंबे समय से चल रहा था। दोनों एक ही गांव के हैं, जिसके कारण दोनों की जान-पहचान हुई और घर पर आना-जाना हुआ। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि आरोपी को शक था कि सुशीला के प्रेम संबंध और भी किसी के साथ थे, इसलिए उसने उसकी हत्या कर दी।

ये है पूरी घटना
SDOP दीपक मिश्रा ने बताया कि लैलूंगा से करीब 30 किलोमीटर दूर ग्राम सुबरा में रहने वाली सुशीला केरकेट्टा (36 वर्ष) रविवार शाम को दिशा मैदान के लिए घर से निकली थी। जब रात हो जाने पर भी वो वापस नहीं लौटी, तो उसके परिवार वाले परेशान हो गए। उसका 18 वर्षीय बड़ा बेटा मां को ढूंढने के लिए निकला, लेकिन वो कहीं नहीं मिली। इसके बाद सोमवार को फिर से उसकी तलाश में परिजन और परिचित लगे रहे, लेकिन शाम तक भी उसका पता नहीं चल सका।

इस बीच सुबरा से लगे कटकलिया गांव का किसान चमार सिंह नायक सोमवार शाम अपने खेत में पानी का जमाव देखने पहुंचा। वहां धान की फसल के बीच कीचड़ में किसी का पैर देखते ही वो डर गया और वापस गांव जाकर लोगों को इसकी जानकारी दी।

गांववाले मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश पड़ी हुई है। महिला नाइटी पहने हुए थी और उसके पैर रस्सी से बंधे थे। कोटवार ने तुरंत घटना की सूचना लैलूंगा पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का जायजा लिया।

SDOP दीपक मिश्रा ने बताया कि शव के चेहरे, गर्दन, छाती, कंधे और हाथ पर चोट के निशान थे, जिससे साफ पता चल रहा था कि हत्या से पहले उसके साथ जमकर मारपीट की गई है। पुलिस ने सुशीला के परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की, तो चौंकाने वाली बातें सामने आई।

परिजनों और लोगों ने बताया कि सुशीला का गांव के ही इस्माइल केरकेट्टा के साथ प्रेम संबंध था। सुशीला विधवा थी। उसके पति तेजराम केरकेट्टा की मौत काफी सालों पहले हो चुकी है। वो अपने 3 बच्चों यानी 2 बेटे और एक बेटी के साथ रहती थी।

वहीं आरोपी इस्माइल अविवाहित था और महिला के साथ उसके नाजायज संबंध थे। पुलिस ने आरोपी के घर दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे शक था कि महिला उसे धोखा दे रही है। इसलिए उसने सुशीला की हत्या कर दी। गांव में सब उन्हें पहचानते थे, इसलिए आसपास के गांव जाकर भी एक-दूसरे से मिलते थे।

रविवार को दोनों कटकलिया गांव में एक-दूसरे से मिले थे। यहां दोनों का विवाद हो गया था। जिसके बाद आरोपी ने गुस्से में आकर महिला की हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराकर उसे परिजनों को सौंपा गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत किस तरह से हुई, इसका पता चल सकेगा।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू का बढ़ता संक्रमण, एक दिन...

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू (H1N1) का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। 8 सितंबर को प्रदेश में एक ही दिन में 46 नए...

पिपरिया जलाशय में हादसा: दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे...

छुईखदान। पिपरिया जलाशय (नथेला बांध) में बुधवार सुबह दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे 12वीं कक्षा के छात्र की डूबने से मौत हो गई। मृतक...

CG News: एकलव्य आवासीय विद्यालय में 10वीं के छात्र...

बालोद। बालोद जिले के डौंडी स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में कक्षा 10वीं के एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद...

लिव-इन रिलेशनशिप से परेशान मां पहुंची महिला आयोग, बेटे...

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की मंगलवार को हुई सुनवाई में लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़ा पारिवारिक विवाद सामने आया। एक मां ने शिकायत करते...