कैरेक्टर पे था शक, नाबालिग पत्नी का कर दिया मर्डर

आरंग। छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा में एक पति ने अपनी नाबालिग पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी है। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला नेवरा थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है की पति-पत्नी दोनों एक दूसरे के कैरेक्टर (चरित्र) पर शक करते थे।

मिली जानकारी के मुताबिक, सागर निर्मलकर नेवरा के वार्ड नंबर 22 अटल आवास में रहता था। उसने 17 साल की लड़की से कुछ महीने पहले ही प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ दिन बाद दोनों के बीच विवाद होने लगा था। कई बार दोनों के बीच झगड़ा हो चुका था।

बताया गया कि मंगलवार रात को भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ। जिसके बाद आरोपी नीचे अपने कमरे में सो रहा था। वहीं उसकी पत्नी छत पर सोने चले गई थी। इसके बाद बुधवार सुबह पत्नी उठकर वापस नीचे आई। फिर कुछ काम से लगभग 9 से 10 बजे के बीच ऊपर गई थी। तभी आरोपी छत पर गया। वहां उससे झगड़ा करने लगा।

झगड़ा इतना हुआ कि आरोपी ने गला दबाकर पत्नी को मार दिया। वहीं उसकी पत्नी की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंच गए। मगर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद लोगों ने पुलिस को इस बात की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। फिर पोस्टमॉर्टम के लिए शव को भेजा गया।

वहीं आरोपी पति से भी पूछताछ की गई। तब उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस को ये भी पता चला है कि आरोपी इसके पहले भी हत्या के मामले में जेल जा चुका है। अब वापस लौटकर फिर उसने खतरनाक वारदात को अंजाम दिया है। मामले में नेवरा थाना के टीआई सुदर्शन सिंह धुव्र ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि पति सागर निर्मलकर ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी है। आरोपी ने पत्नी की छत पर हत्या की है। फिलहाल मामले में जांच जारी है।
