नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव: दुर्ग निगम में चुनावी मैदान में 2 महापौर और 275 पार्षद प्रत्याशी… कई अध्यक्ष और 5 जिला पंचायत सदस्य समेत अन्य प्रत्याशियों ने वापस लिया नाम; पढ़िए

  • नगर निगम दुर्ग में महापौर के दो और पार्षद के 275 प्रत्याशी मैदान पर
  • दुर्ग नगर निगम में पार्षद के 04 प्रत्याशियों ने नाम वापस लिये
  • नगर पालिका परिषद कुम्हारी में पार्षद के 03 एवं अध्यक्ष के 01 ने लिया नाम वापस
  • नगर पालिका परिषद अहिवारा में अध्यक्ष के 01 ने लिया नाम वापस
  • नगर पंचायत धमधा में अध्यक्ष के 02 और पार्षद के 02 ने लिया नाम वापस
  • नगर पंचायत पाटन में पार्षद के 01 ने लिया नाम वापस
  • जिला पंचायत सदस्य हेतु 05 नामांकन हुए जमा
  • पंच, सरपंच एवं जनपद सदस्य हेतु बड़ी तदाद में हुआ नामांकन

दुर्ग। जिले में आगामी नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया चल रही है। शहर चुनाव के लिए स्क्रूटनी के बाद कल नाम वापस लेने की अंतिम तिथि है। वहीं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की प्रक्रिया अभी जारी रहेगी।

दुर्ग नगर निगम में महापौर के दो और पार्षद के 275 प्रत्याशी मैदान में हैं। आज नगर निगम दुर्ग के अंतर्गत पार्षद पद के 04 प्रत्याशियों ने अपना नाम वापस लिया। इन प्रत्याशियों में वार्ड क्रमांक 06 से राहुल कुमार अग्रवाल, वार्ड क्रमांक 21 से मीरा सिंह, वार्ड क्रमांक 39 से हुमन लाल देशमुख और वार्ड क्रमांक 41 से अफीफा तैयबा शामिल हैं। इसके साथ ही नगर निगम दुर्ग में अब महापौर पद के दो और पार्षद पद के 275 प्रत्याशी चुनाव में बने हुए हैं।

नगर पालिका परिषद कुम्हारी में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी बेबी ओमनारायण वर्मा और पार्षद पद के 03 प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया। इसमें वार्ड क्रमांक 02 से राजकुमार चक्रधारी, वार्ड क्रमांक 10 से ज्योति कुर्रे और वार्ड क्रमांक 23 से अशोक साहू का नाम शामिल है।

नगर पालिका परिषद अहिवारा में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी माधव साहू ने नाम वापस लिया। वहीं नगर पंचायत धमधा में अध्यक्ष पद के दो और पार्षद पद के दो प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी प्रेमलता यादव और श्वेता शर्मा, तथा पार्षद पद के वार्ड क्रमांक 01 से दिनेश यादव और वार्ड क्रमांक 09 से कमलदेवी ताम्रकार ने अपने नाम वापस लिए।

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की स्थिति

जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य, सरपंच और पंच पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया 27 जनवरी 2025 से शुरू हो गई है। नामांकन की अंतिम तारीख 03 फरवरी 2025 तय की गई है। आज, 30 जनवरी 2025 को जिला पंचायत सदस्य के लिए 05 नामांकन प्राप्त हुए। रिटर्निंग अधिकारी बजरंग कुमार दुबे द्वारा इन नामांकन पत्रों को स्वीकार किया गया।

जनपद पंचायत पाटन में पंच पद हेतु 593 नामांकन पत्र, सरपंच पद के लिए 111 नामांकन पत्र और जनपद सदस्य के लिए 15 नामांकन पत्र प्राप्त हुए। जनपद पंचायत दुर्ग में पंच पद के लिए 304 नामांकन पत्र, सरपंच पद के लिए 21 नामांकन पत्र और जनपद सदस्य के लिए 15 नामांकन पत्र प्राप्त हुए। जनपद पंचायत धमधा में पंच पद के लिए 522, सरपंच पद के लिए 114 और जनपद सदस्य के लिए 17 नामांकन पत्र प्राप्त हुए। नामांकन पत्रों की प्रक्रिया सुचारु रूप से जारी है, और सभी संबंधित अधिकारियों द्वारा इसे एक निर्धारित समय सीमा में प्राप्त किया जा रहा है। नगर पंचायत पाटन में पार्षद पद के प्रत्याशी नरोत्तम ठाकुर ने नाम वापस लिया।