जांजगीर चांपा। छत्तीसगढ़ में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। ऑनलाइन गेम ‘Free Fire’ के जरिए शुरू हुई दोस्ती ने एक नाबालिग की जिंदगी को मुश्किल में डाल दिया। 25 साल की एक युवती ने नाबालिग लड़के को बहला-फुसलाकर अगवा किया और उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाया। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर नाराजगी है। पूरा मामला छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले का है।

जानकारी के मुताबिक, जांजगीर-चांपा के एक नाबालिग लड़के की मुलाकात जगदलपुर की रहने वाली 25 वर्षीय युवती से Free Fire गेम के दौरान हुई। दोनों ने गेम खेलते हुए बातचीत शुरू की और जल्द ही इंस्टाग्राम पर दोस्त बन गए। धीरे-धीरे दोनों की बातचीत गहरी होती गई। युवती को नाबालिग से प्यार हो गया और उसने मिलने का प्लान बनाया। वह जांजगीर-चांपा पहुंची और नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ जगदलपुर ले गई।
युवती ने बनाए शारीरिक संबंध
बताया जा रहा कि जगदलपुर में युवती ने नाबालिग को अपने कब्जे में रखा और उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाया। उसका इरादा नाबालिग से शादी करने का था। इस बीच नाबालिग के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत 1 जुलाई 2025 को जांजगीर थाने में दर्ज कराई। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और धारा 137(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया।
जगदलपुर से बरामद हुआ नाबालिग
सीएसपी कविता ठाकुर के नेतृत्व में जांजगीर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जगदलपुर पहुंचकर नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया। पूछताछ में युवती ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उसने बताया कि उसने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पुलिस ने युवती को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

