बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। भोपालपटनम कन्या आश्रम शाला में 12वीं कक्षा की एक छात्रा पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची। इस दौरान वह जांच में चार महीने की गर्भवती पाई गई। इस खुलासे ने पूरे जिले में हड़कंप मचा दिया है।
10 जुलाई को नए स्कूल सत्र के लिए छात्रा अपने घर से भोपालपटनम के कन्या आश्रम लौटी थी। 20 जुलाई को उसे पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत हुई। आश्रम की अधीक्षिका तोंडेश्वरी शेट्टी ने उसे तुरंत भोपालपटनम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां डॉ. गोपी ने प्रारंभिक जांच के बाद छात्रा को बीजापुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि छात्रा करीब चार महीने की गर्भवती है।

बीजापुर जिला अस्पताल की सिविल सर्जन डॉ. रत्ना ठाकुर ने बताया कि छात्रा को अस्पताल में भर्ती करने की प्रक्रिया पूरी की गई थी, लेकिन उसकी मां ने इलाज से इनकार कर उसे घर ले गई। मेडिकल रिपोर्ट्स के अनुसार, छात्रा तीन से चार महीने की गर्भवती है। फिलहाल छात्रा का इलाज जिला अस्पताल में नहीं हो रहा है।
आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त देवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडल संयोजक नंद कुमार मारकोंडा को विस्तृत जानकारी के लिए जिला कार्यालय तलब किया गया है। अधीक्षिका तोंडेश्वरी शेट्टी, जिनकी हाल ही में आश्रम में नियुक्ति हुई है, ने जिम्मेदारी पुरानी अधीक्षिका पर डाल दी है। शिक्षा विभाग के अधिकारी इस मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है

