दुर्ग। दुर्ग–रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग–53 पर बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के उद्देश्य से वैकल्पिक मार्ग विकसित करने की दिशा में प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। यातायात पुलिस द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव के तहत संभावित मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया गया।
यातायात पुलिस दुर्ग ने सड़क सुरक्षा बैठक में एनएच–53 पर जाम और दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए वैकल्पिक मार्ग तैयार करने का प्रस्ताव रखा था। प्रस्ताव के अनुसार खुर्शीपार गेट (रोलिंग मिल) से भिलाई स्टील प्लांट क्षेत्र के समीप से सिरसा गेट अंडर ब्रिज होते हुए मोतीपुर के रास्ते रायपुर तक मार्ग चिन्हित किया गया है, जिससे दुर्ग–रायपुर के बीच यातायात का विभाजन संभव हो सके।

संयुक्त टीम ने किया स्थल निरीक्षण
1 मार्च 2026 को कलेक्टर दुर्ग, पुलिस उपमहानिरीक्षक दुर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात), नगर निगम भिलाई के आयुक्त, एसडीएम भिलाई-3, भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन, लोक निर्माण विभाग तथा यातायात पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मार्ग की वर्तमान स्थिति, चौड़ाई, जंक्शन, सुरक्षा संकेतकों की उपलब्धता तथा संभावित यातायात क्षमता का परीक्षण किया गया। प्रारंभिक आकलन के बाद प्रस्ताव को विस्तृत विचार-विमर्श के पश्चात सक्षम प्राधिकारी को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा।
जाम और दुर्घटनाओं में आएगी कमी
प्रशासन का मानना है कि प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने पर दुर्ग–रायपुर एनएच–53 पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा। इससे जाम की समस्या में राहत, सड़क दुर्घटनाओं में कमी तथा आपात स्थिति में वैकल्पिक मार्ग की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। साथ ही प्रतिदिन दुर्ग से रायपुर आने-जाने वाले नागरिकों को सुगम आवागमन मिलेगा।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
