मरवाही। गौरेला–पेण्ड्रा–मरवाही जिले से होली के दिन दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम कटरा के धनुहारीटोला में एक शराबी बेटे ने अपनी ही माँ की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार मृतक महिला की पहचान 65 वर्षीय फूलमतिया बाई धनुहार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनके खाते में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर निर्माण के लिए पैसे आए थे। इसी पैसे को लेकर उनका बेटा दलबीर सिंह उनसे लगातार विवाद करता रहता था।

परिजनों के मुताबिक आरोपी दलबीर सिंह आवास के लिए आए पैसे अपने खर्च और शौक पूरे करने के लिए मांग रहा था। साथ ही वह जमीन में भी ज्यादा हिस्सेदारी की मांग कर रहा था। लेकिन फूलमतिया बाई ने पैसे देने से इंकार कर दिया और कहा कि जमीन परिवार के सभी सदस्यों में बराबरी से बांटी जाएगी।
इसी बात को लेकर माँ-बेटे के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। होली के दिन भी दोनों के बीच इसी मुद्दे पर विवाद हुआ, जो देर रात हिंसक रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने शराब के नशे में अपनी माँ का गला दबाकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही मरवाही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

