CG
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम गणेशपुर में एक 19 वर्षीय युवक ने पड़ोस में रहने वाले 7 साल के मासूम के साथ कुकृत्य करने की कोशिश की और भेद खुलने के डर से पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने साक्ष्य छिपाने के लिए शव को 12 फीट गहरे कुएं में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

तालाब से बहला-फुसलाकर ले गया था आरोपी
जानकारी के मुताबिक, ग्राम गणेशपुर निवासी किसान शिवकुमार खुरसेंगा का 7 वर्षीय बेटा आयान 2 अप्रैल को दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गया था। बाकी बच्चे घर लौट आए, लेकिन आयान लापता हो गया। परिजनों की खोजबीन के दौरान पता चला कि आयान को आखिरी बार पड़ोस में रहने वाले रंजीत कुमार (19) के साथ देखा गया था।
नशे की हालत में थी खराब नीयत
पुलिस की सख्ती के बाद आरोपी रंजीत टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह नशे की हालत में तालाब पहुंचा था। वहां आयान को देख उसकी नीयत बिगड़ गई। वह बच्चे को बहलाकर सुनसान जगह ले गया और उसके साथ गलत हरकत करने लगा।

पोल खुलने के डर से ली जान
जब मासूम ने इस गंदी हरकत का विरोध किया और चिल्लाने लगा, तो रंजीत डर गया कि बच्चा घर जाकर सब बता देगा। इसी डर से उसने पास पड़े पत्थर से मासूम के सिर पर 4 बार घातक वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद उसने मासूम की लाश को पड़ोसी गांव करतली के एक खेत में स्थित 12 फीट गहरे कुएं में फेंक दिया।
गांव की बैठक और पुलिस की कार्रवाई
3 अप्रैल तक बच्चे का सुराग न मिलने पर गांव में बैठक बुलाई गई, जहां रंजीत गोलमोल जवाब देता रहा। 4 अप्रैल को थाना प्रभारी नागेश तिवारी ने मौके पर पहुंचकर जब कड़ाई से पूछताछ की, तब आरोपी ने सच उगला। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कुएं से शव बरामद कर लिया है।
पुलिस की कार्रवाई: आरोपी रंजीत कुमार के खिलाफ हत्या और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।

