Durg News : पत्नी-साली के साथ मिलकर दामाद ने सूने मकानों में की चोरी, ससुराल में रहकर बनाता था प्‍लान

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने चोरी की कई वारदातों का खुलासा करते हुए एक ऐसे दामाद को गिरफ्तार किया है, जो अपने ससुराल में रहकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था. उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी नौशाद भिलाई के खुर्सीपार इलाके में ससुराल में रहकर ड्राइवर का काम करता था. इसी दौरान वह बंद मकानों की रेकी करता और रात के समय अपने साढू के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था.

पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी किए गए गहनों और अन्य सामान को ठिकाने लगाने में उसकी पत्नी नगीना और साली मदीना भी शामिल थीं. दोनों बहनें चोरी के जेवरों को गिरवी रखने और बेचने का काम करती थीं. मामले में पावर हाउस बाजार स्थित शुभलाभ ज्वेलर्स के संचालक दुर्गेश गोस्वामी को भी चोरी का सोना-चांदी खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.

1600 CCTV फुटेज से मिला सुराग
दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में हाल के दिनों में गुरुनानक नगर, वैशाली नगर, हाउसिंग बोर्ड जामुल, चरोदा, राधिका नगर, पुदुमनगर और बालोद जिले के करहीभदर इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं हुई थीं. इन मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने करीब 1600 सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज में एक संदिग्ध युवक बार-बार दिखाई दे रहा था, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी. बाद में पुलिस ने सोशल मीडिया की मदद से आरोपी की पहचान नौशाद के रूप में की.

पूछताछ में कबूला जुर्म
हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर नौशाद ने कई चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात कबूल कर ली. जांच में यह भी पता चला कि चोरी के बाद जेवर उसकी पत्नी और साली द्वारा ज्वेलरी दुकान में गिरवी रखे जाते थे, जबकि कुछ सामान सीधे ज्वेलर्स को बेच दिया जाता था. पुलिस के अनुसार चोरी से मिले पैसों से आरोपियों ने एक हीरो डेस्टिनी वाहन भी खरीदा था, जिसका उपयोग आने-जाने में किया जाता था.

लाखों का सामान बरामद
सीएसपी भिलाई नगर सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपियों के कब्जे और ज्वेलरी दुकान से करीब 60 ग्राम सोने के जेवर, 850 ग्राम चांदी के जेवर, कैमरा, इंडक्शन चूल्हा, 7800 रुपए नकद और चोरी में इस्तेमाल किया गया वाहन बरामद किया गया है. जब्त सामान की कुल कीमत करीब 13 लाख 12 हजार 800 रुपए आंकी गई है. मामले में नौशाद का साढू फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है.

खबरें और भी हैं...
संबंधित

बारिश की हर बूंद सहेजने में छत्तीसगढ़ अग्रणी, ‘जल...

रायपुर। बारिश की हर बूंद को सहेजने और उसे धरती के भीतर पहुंचाकर आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षित करने की दिशा में...

बिग ब्रेकिंग: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर पूरे छत्तीसगढ़ में शुष्क...

रायपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर आगामी 4 सितंबर को पूरे छत्तीसगढ़ में 'शुष्क दिवस' (Dry Day) रहेगा। इसके साथ ही प्रदेश के...

रुंगटा पब्लिक स्कूल में ‘ग्रैंडपेरेंट्स डे’ की धूम: नन्हें...

भिलाई। संजय रुंगटा इंस्टीट्यूशंस द्वारा संचालित रुंगटा पब्लिक स्कूल, भिलाई में बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ 'ग्रैंडपेरेंट्स डे' का भव्य आयोजन किया गया।...

युवा कांग्रेस चुनाव: पूर्व CM भूपेश बघेल के गढ़...

भिलाई। छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस चुनाव के तहत दुर्ग ग्रामीण विधानसभा और आसपास के क्षेत्रों में सियासी पारा चढ़ गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश...