दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। चरित्र शंका को लेकर हुए विवाद में एक पति ने अपनी ही 22 वर्षीय पत्नी की हंसिया से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, कुम्हारी के वार्ड क्रमांक-4 स्थित महामाया पारा, दुर्गा मंच के पास रहने वाले घनश्याम यादव (25) का रविवार सुबह करीब 9:30 बजे अपनी पत्नी दुर्गा यादव (22) से विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और अक्सर शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था।


रविवार को भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले गई। गुस्से में आकर घनश्याम ने घर में रखे सब्जी काटने वाले धारदार हंसिया से पत्नी के माथे, गले और पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल दुर्गा को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि दोनों की शादी करीब चार वर्ष पहले हुई थी और उनका छह माह का एक मासूम बच्चा भी है। घटना के बाद बच्चे के सिर से मां का साया उठ गया।
वारदात की सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

