दुर्ग में 4.90 लाख की उठाईगिरी का खुलासा: शोरूम कर्मचारी ने गर्लफ्रेंड से कराई रेकी, कार का शीशा तोड़ ले उड़े पैसों से भरा बैग, 5 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने कार का शीशा तोड़कर 4 लाख 90 हजार रुपये की नगदी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसीसीयू और पुलगांव थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 57 हजार रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा स्कूटी जब्त की गई है। पुलिस शेष रकम की बरामदगी और आरोपियों की अन्य आपराधिक गतिविधियों की जांच कर रही है।

व्यापारी की कार को बनाया था निशाना

पुलिस के मुताबिक, मुक्त नगर निवासी प्रमोद महेश्वरी अपनी मारुति स्विफ्ट कार में करीब 4.90 लाख रुपये एक काले रंग के बैग में रखकर निकले थे। उन्होंने पोटिया रोड स्थित उत्सव होंडा शोरूम के सामने कार खड़ी की और किसी काम से चले गए। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने कार के बाएं सामने का शीशा पत्थर से तोड़कर नगदी से भरा बैग पार कर दिया।

घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलगांव थाना पुलिस और एसीसीयू की टीम ने घटनास्थल और आसपास के करीब पांच किलोमीटर क्षेत्र में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

शोरूम कर्मचारी निकला मास्टरमाइंड

जांच में सामने आया कि इस वारदात का मुख्य आरोपी भुवनेश्वर डहरिया, जो उत्सव होंडा शोरूम में कार्यरत है, ने पूरी साजिश रची थी। उसने अपनी गर्लफ्रेंड सपना राजपूत के माध्यम से व्यापारी की गतिविधियों पर नजर रखवाई। रेकी के दौरान आरोपियों को पता चला कि व्यापारी अक्सर बड़ी रकम लेकर आता है और शोरूम के सामने कार खड़ी करता है। पूर्व नियोजित योजना के तहत भुवनेश्वर ने अपने साथियों के साथ मिलकर कार का शीशा तोड़ा और नगदी से भरा बैग चोरी कर लिया।

चोरी के पैसों से की मौज-मस्ती

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि वारदात के दिन ही भुवनेश्वर ने एटीएम के जरिए अपनी गर्लफ्रेंड सपना राजपूत के बैंक खाते में 1.04 लाख रुपये जमा कराए। करीब 30 हजार रुपये पल्सर बाइक की मरम्मत और अन्य खर्चों में खर्च किए गए। शेष रकम आरोपियों ने आपस में बांट ली। किसी ने नए कपड़े खरीदे तो कोई दोस्तों के साथ शराब और पार्टी में रकम उड़ा दी। पुलिस के पहुंचने तक अधिकांश रकम खर्च हो चुकी थी, इसलिए केवल 1.57 लाख रुपये ही बरामद हो सके।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है—

  • भुवनेश्वर डहरिया (कुंदरापारा, दुर्ग)
  • जितेंद्र कुमार साहू (रुआबांधा)
  • सपना राजपूत (कोलिहापुरी)
  • संजय साहू (पद्मनाभपुर)
  • संतोष जोशी

पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और चोरी की शेष राशि की बरामदगी के साथ-साथ आरोपियों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

भिलाई की सोनम शर्मा का भारतीय टीम में चयन,...

भिलाई। नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के लिए यह एक अत्यंत गौरवशाली और ऐतिहासिक क्षण है। भिलाई की प्रतिभावान खिलाड़ी सोनम शर्मा का चयन आगामी...

छात्रा से 14.50 लाख कैश और 450 ग्राम सोने...

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक छात्रा से 14.50 लाख रुपये नकद और करीब 450 ग्राम सोने के जेवर ठगने का सनसनीखेज मामला सामने आया...

विश्वास और ज्ञान का संगमः सशक्त, एकजुट और समृद्ध...

नई दिल्ली। विश्वास लोगों को मूल्य देता है। ज्ञान लोगों को कौशल देता है। बुद्धिमत्ता सिखाती है कि इन दोनों का उपयोग समाज के...

कॉमनवेल्थ गेम्स की सिल्वर मेडलिस्ट ज्ञानेश्वरी यादव बनेंगी DSP,...

रायपुर। ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव को राज्य सरकार ने बड़ा सम्मान दिया...