रायपुर। छत्तीसगढ़ में पहली बार 10 किलो क्षमता वाले LPG गैस सिलेंडर की सुविधा शुरू होने जा रही है। इसकी शुरुआत 15 अगस्त से किए जाने की तैयारी है। छोटे परिवारों, किराएदारों, छात्रों और कम गैस खपत वाले उपभोक्ताओं के साथ-साथ आपात स्थिति में गैस की जरूरत वाले लोगों को इस सुविधा से राहत मिलने की उम्मीद है।
करीब 730 रुपए में मिलेगा 10 किलो का सिलेंडर
जानकारी के मुताबिक, नए 10 किलो के कंपोजिट LPG सिलेंडर की रीफिल कीमत करीब 715 से 730 रुपए के बीच रहने की संभावना है। सामान्य घरेलू सिलेंडर की तुलना में कम क्षमता होने के कारण यह उन उपभोक्ताओं के लिए उपयोगी होगा, जिन्हें ज्यादा मात्रा में गैस की आवश्यकता नहीं होती।

मोबाइल ऐप से होगी बुकिंग, 4 घंटे में डिलीवरी
इस सुविधा की सबसे बड़ी खासियत ऑनलाइन बुकिंग और तेज होम डिलीवरी बताई जा रही है। उपभोक्ता मोबाइल ऐप के जरिए 10 किलो के सिलेंडर की बुकिंग कर सकेंगे। ऑनलाइन बुकिंग के बाद करीब 4 घंटे के भीतर होम डिलीवरी किए जाने का दावा किया गया है। इससे अचानक गैस खत्म होने की स्थिति में उपभोक्ताओं को राहत मिल सकेगी।
नए कनेक्शन के लिए करीब 3 हजार रुपए खर्च
10 किलो के सिलेंडर का नया कनेक्शन लेने के लिए उपभोक्ताओं को करीब 3,000 रुपए सिक्योरिटी डिपॉजिट के रूप में जमा करने होंगे। इसके अलावा रेगुलेटर के लिए लगभग 250 रुपए अलग से देने होंगे।अगर उपभोक्ता भविष्य में अपना कनेक्शन बंद करता है, तो नियमों के अनुसार सिलेंडर के लिए जमा की गई सिक्योरिटी राशि वापस किए जाने का प्रावधान रहेगा।
छोटे परिवारों और किराएदारों के लिए होगा उपयोगी
10 किलो का यह कंपोजिट सिलेंडर खास तौर पर छोटे परिवारों, किराएदारों, छात्रों और कम गैस खपत वाले उपभोक्ताओं को ध्यान में रखकर शुरू किया जा रहा है। माना जा रहा है कि कम क्षमता वाले सिलेंडर से ऐसे उपभोक्ताओं को बार-बार बड़ी मात्रा में गैस खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
नई व्यवस्था से LPG सेवा को अधिक तेज, सुविधाजनक और जरूरत के मुताबिक बनाने की कोशिश की जा रही है। 15 अगस्त से इसकी शुरुआत के बाद उपभोक्ताओं को इस सुविधा का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।

