रायपुर। छात्रों को कॉलेजों में प्रवेश के लिए एक और मौका मिल गया है। छत्तीसगढ़ के शैक्षणिक संस्थानों में सत्र 2026-27 के लिए एडमिशन की तारीख बढ़ा दी गई है। उच्च शिक्षा विभाग ने छात्रहित को देखते हुए प्रवेश की आखिरी तारीख 19 सितंबर 2026 कर दी है।
उच्च शिक्षा विभाग ने 14 अगस्त 2026 को आदेश जारी कर सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश की तारीख 31 अगस्त 2026 तक बढ़ाई थी। अब विभाग ने एक और आदेश जारी कर इस अवधि को 19 सितंबर तक के लिए बढ़ा दिया है।

खाली सीटों पर ही मिलेगा प्रवेश
उच्च शिक्षा विभाग के 11 सितंबर को जारी आदेश के मुताबिक, सीट रिक्त रहने की स्थिति में 19 सितंबर तक एडमिशन लिया जा सकेगा। यह फैसला छात्रहित को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। उच्च शिक्षा विभाग ने इसके लिए आयुक्त, उच्च शिक्षा संचालनालय को आदेश जारी किया है।

