दुर्ग। पाटन ब्लॉक के सेलूद भाठापारा में शनिवार सुबह तांदुला नहर में एक 15 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी के बह जाने से हड़कंप मच गया। रायपुर के गुढ़ियारी से सेलूद में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे खिलाड़ी शिवम यादव नहर के तेज बहाव में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और शिवम की तलाश शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि शिवम प्रतियोगिता स्थल के पास स्थित तांदुला नहर की ओर शौच के लिए गए थे। इसके बाद वह नहर के किनारे हाथ-पैर धोने के लिए उतरे। इसी दौरान काई और ढलान के कारण उनका पैर फिसल गया। नहर में पानी का बहाव तेज होने के चलते शिवम खुद को संभाल नहीं सके और गहरे पानी में चले गए।

शिवम को नहर में डूबता देख वहां मौजूद साथी खिलाड़ियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की तेज धार के कारण वे सफल नहीं हो सके। कुछ ही पलों में शिवम तेज बहाव में ओझल हो गए।
घटना के बाद साथी खिलाड़ियों और आयोजकों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। SDRF की टीम नहर में शिवम की तलाश में जुटी हुई है। हादसे के बाद प्रतियोगिता स्थल पर मौजूद खिलाड़ियों और लोगों में चिंता का माहौल है।

