भिलाई। संजय रूंगटा ग्रुप ऑफ़ इंस्टीटूशन्स में मंगलवार को आगामी फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ की स्टारकास्ट और मेकर टीम ने छात्रों के साथ एक विशेष संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान राम, सीता और लक्ष्मण का किरदार निभा रहे कलाकारों ने न केवल फिल्म के अनुभवों को साझा किया, बल्कि युवाओं को जीवन, करियर और संघर्षों से निपटने की प्रेरणा भी दी।

फिल्म 25 सितंबर को हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा में एक साथ सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। निर्माताओं ने बताया कि इसकी शूटिंग भिलाई, दुर्ग, रायपुर, बस्तर, जगदलपुर और चित्रकूट समेत छत्तीसगढ़ के खूबसूरत व ऐतिहासिक लोकेशनों पर की गई है।
धैर्य, शक्ति और संघर्ष का प्रतीक हैं मां सीता: अंजलि अरोरा
सीता का किरदार निभा रहीं अंजलि अरोरा ने कहा कि सीता केवल त्याग का नहीं, बल्कि शक्ति, धैर्य और संघर्ष का प्रतीक हैं। इंजीनियरिंग के अपने छात्र जीवन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सफलता पाने के लिए धैर्य सबसे अहम है। सोशल मीडिया ट्रॉल्लिंग के सवाल पर अंजलि ने कहा कि आलोचना हर क्षेत्र का हिस्सा है। उनका सपना है कि वे अपने अभिनय के बल पर ऐसा मुकाम हासिल करें कि बड़े फिल्म निर्माता उन्हें खुद अपनी फिल्मों में साइन करें।

‘प्रभु राम ने मुझे इस भूमिका के लिए चुना’: देव शर्मा
भगवान राम की भूमिका निभा रहे देव शर्मा ने कहा कि पंजाब में जन्म लेने और दिल्ली-मुंबई में बड़े होने के बाद छत्तीसगढ़ की पावन भूमि पर राम का किरदार निभाना उनके लिए बेहद खास रहा। उन्होंने कहा, “मैंने यह फिल्म साइन नहीं की, बल्कि मुझे लगता है कि प्रभु राम ने स्वयं मुझे इसके लिए चुना है।” उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि हर इंसान के भीतर राम और रावण दोनों प्रवृत्तियां होती हैं, यह हमें तय करना है कि हम किसे चुनते हैं।

इंजीनियरिंग के दौरान जागा अभिनय का जुनून: शील वर्मा
लक्ष्मण का किरदार निभा रहे शील वर्मा ने अपने छत्तीसगढ़ से जुड़े जुड़ाव को साझा किया। उन्होंने बताया कि दुर्ग में पढ़ाई के दौरान इंजीनियरिंग के तीसरे सेमेस्टर में उन्हें अभिनय का जुनून महसूस हुआ, जिसके बाद उन्होंने कड़ी मेहनत की और मुंबई तक का सफर तय किया। शील इससे पहले कई धारावाहिकों और छत्तीसगढ़ी फिल्मों में नजर आ चुके हैं।
छत्तीसगढ़ के कलाकारों को मिला बड़ा मंच
फिल्म का निर्देशन अभिषेक सिंह ने किया है, जबकि निर्माता प्रकाश महोबिया और संजय बुंदेला हैं। फिल्म में रजनीश दुगल ने रावण, निर्भय वाधवान ने हनुमान और नीरज उइके ने विभीषण की भूमिका निभाई है। इनके अलावा छत्तीसगढ़ के स्थानीय कलाकारों जैसे रजनीश झांझी, ललित उपाध्याय, धर्मेंद्र चौबे और नकुल मालवार ने भी अहम भूमिकाएं अदा की हैं।
पत्रकार वार्ता और संवाद कार्यक्रम के दौरान संजय रूंगटा ग्रुप ऑफ़ इंस्टीटूशन्स के चेयरमैन संजय रूंगटा एवं डायरेक्टर डॉ. साकेत रूंगटा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

