रायपुर। छत्तीसगढ़ के शासकीय मेडिकल कॉलेजों में पढ़ाई कर रहे MBBS इंटर्न्स के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार ने लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए इंटर्न डॉक्टरों के मासिक स्टाइपेंड में बढ़ोतरी कर दी है। अब शासकीय मेडिकल कॉलेजों के MBBS इंटर्न्स को 25 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा।
चिकित्सा शिक्षा विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। बढ़ा हुआ स्टाइपेंड 1 अक्टूबर 2026 से लागू होगा। सरकार के इस फैसले से प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में प्रशिक्षण ले रहे इंटर्न डॉक्टरों को आर्थिक राहत मिलेगी।

हड़ताल के बाद सरकार ने लिया फैसला
स्टाइपेंड बढ़ाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर मेडिकल कॉलेजों के इंटर्न डॉक्टरों और जूनियर डॉक्टरों ने आंदोलन और हड़ताल का रास्ता अपनाया था। इसी दौरान चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इंटर्न डॉक्टरों से मुलाकात कर उनकी मांगों पर चर्चा की थी।
मंत्री के साथ हुई बातचीत के बाद सरकार की ओर से स्टाइपेंड बढ़ाने का फैसला सामने आया है। सरकार के निर्णय के बाद इंटर्न डॉक्टरों की हड़ताल भी समाप्त हो गई है।
1 अक्टूबर से मिलेगा बढ़ा हुआ स्टाइपेंड
चिकित्सा शिक्षा विभाग के आदेश के मुताबिक अब MBBS इंटर्न्स को हर महीने ₹25,000 की राशि स्टाइपेंड के तौर पर मिलेगी। नई दर 1 अक्टूबर 2026 से प्रभावी होगी। लंबे समय से स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग कर रहे इंटर्न डॉक्टरों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है।
सरकार के इस निर्णय को मेडिकल शिक्षा से जुड़े छात्रों और जूनियर डॉक्टरों के लिए महत्वपूर्ण राहत के तौर पर देखा जा रहा है।
