बालोद। बालोद शहर में लाइब्रेरी से घर लौट रही युवती पर हुए एसिड अटैक की वारदात का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, युवती पर हमला किसी अज्ञात व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके कथित प्रेमी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर साजिश रचकर करवाया था। मामले में पुलिस ने यश कुमार सोनकर और करण कुंजाम को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, युवती रोज की तरह लाइब्रेरी से घर लौट रही थी। इसी दौरान उस पर एसिड फेंक दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने युवती की आवाज सुनकर मदद की और उसके परिजनों को सूचना दी। इसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया।
तांदुला डैम की ओर भागा था आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में टीमों को अलग-अलग स्थानों पर लगाया गया। उप पुलिस अधीक्षक विनय साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर संदिग्धों से पूछताछ की गई। जांच टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ बालोद शहर के अलग-अलग स्थानों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का संदेह युवती के कथित प्रेमी यश सोनकर पर गया।
पूछताछ में सामने आई साजिश
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान यश सोनकर ने युवती से प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की। पुलिस का कहना है कि युवती किसी अन्य व्यक्ति से संबंध और शादी के लिए तैयार नहीं थी, जिससे नाराज होकर यश ने अपने स्कूल के दोस्त करण कुंजाम के साथ मिलकर कथित तौर पर एसिड अटैक की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, दोनों ने करीब तीन महीने पहले वारदात की योजना बनाई थी। यश लगातार युवती को मनाने की कोशिश करता रहा, लेकिन बात नहीं बनी।
गणेश झांकी के दौरान हमला करने की थी योजना
पुलिस जांच के मुताबिक, यश ने 26 सितंबर को अपने दोस्त करण को बालोद बुलाया था। अगले दिन दोनों ने एसिड खरीदा और गणेश झांकी के दौरान युवती पर हमला करने की योजना बनाई थी। हालांकि उस दौरान पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दोनों ने वारदात को अंजाम नहीं दिया। इसके बाद दोनों ने मौका मिलने का इंतजार किया।
5 अक्टूबर को लाइब्रेरी से लौटते समय फेंका एसिड
पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे युवती लाइब्रेरी से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान यश के कथित निर्देश पर करण ने युवती पर एसिड फेंक दिया। हमले के बाद करण वहां से भागकर तांदुला बांध की ओर चला गया। पुलिस के अनुसार, वहां से उसने लिफ्ट ली और झलमला व मरकाटोला होते हुए चारामा पहुंचा। बाद में पुलिस ने उसकी तलाश करते हुए उसे कोंडागांव से हिरासत में लिया।
एसिड और वारदात के समय पहने कपड़े जब्त
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार की। उनके मेमोरेण्डम के आधार पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल एसिड और वारदात के दौरान पहने गए कपड़ों को जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यश कुमार सोनकर (20), निवासी नेवारीकला, जिला बालोद और करण कुंजाम (20), निवासी भैरमगढ़, जिला बीजापुर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पुलिस ने आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
बालोद पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि महिलाओं और युवतियों का पीछा करने, धमकी देने या परेशान करने जैसी किसी भी गतिविधि को नजरअंदाज न करें। ऐसी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित किया जाए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

