दंतेवाड़ा। जिले में चल रहे एंटी नक्सल अभियान के बीच सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। बारसूर थाना क्षेत्र के कोहकाबेड़ा-बुरदूम इलाके में सर्चिंग के दौरान जवानों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डंप बरामद किया है। डंप से AK-47 और INSAS राइफल के अलावा बड़ी संख्या में हथियार, कारतूस, बम और विस्फोटक सामग्री मिली है।
पुलिस के मुताबिक, आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर यह ऑपरेशन शुरू किया गया था। जिला बल, DRG, बस्तर फाइटर्स और CRPF की संयुक्त टीम 5 अक्टूबर से मंगनार, बुरदूम, तोड़मा और कोहकाबेड़ा के जंगल-पहाड़ी क्षेत्रों में एरिया डोमिनेशन कर रही थी।
सुबह सर्चिंग के दौरान मिला नक्सली डंप
पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर की सुबह करीब 6:30 बजे सर्चिंग टीम को जंगल में संदिग्ध डंप के बारे में जानकारी मिली। तलाशी लेने पर नक्सलियों द्वारा जमीन में छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए। एसपी चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि बरामद हथियारों में एक AK-47 राइफल, उसकी मैगजीन और 23 राउंड गोलियां शामिल हैं। इसके अलावा एक INSAS राइफल और मैगजीन भी मिली है।
BGL लॉन्चर और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद
सर्चिंग के दौरान सुरक्षाबलों को 6 भरमार बंदूकें और एक BGL लॉन्चर भी मिला। डंप से BGL के 9 शेल और 5 अन्य BGL राउंड बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 315 बोर के 138 राउंड भी सुरक्षाबलों के हाथ लगे हैं। बरामद हथियार और कारतूस नक्सलियों की गतिविधियों में इस्तेमाल किए जाने की आशंका के चलते पुलिस ने पूरे डंप की गहन जांच शुरू कर दी है।
8 कुकर और 4 टिफिन बम भी मिले
नक्सली डंप से बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद होने के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में और सतर्कता बढ़ा दी है। तलाशी के दौरान 8 कुकर बम और 4 टिफिन बम बरामद किए गए। इसके साथ ही करीब 20 मीटर कॉडेक्स वायर और पिस्टन रॉड स्प्रिंग के 24 नग भी मिले हैं। विस्फोटक सामग्री को सुरक्षा मानकों के तहत सुरक्षित तरीके से कब्जे में लिया गया।
खुफिया नेटवर्क की सूचना पर तेज हुई कार्रवाई
एसपी चंद्रमोहन सिंह के मुताबिक, बारसूर थाना क्षेत्र के मंगनार, बुरदूम, तोड़मा और कोहकाबेड़ा के पहाड़ी इलाकों में बड़े स्तर पर एंटी नक्सल ऑपरेशन चलाया जा रहा था। सटीक सूचना मिलने के बाद DRG और CRPF की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्चिंग तेज की, जिसके परिणामस्वरूप यह डंप बरामद हुआ। उन्होंने ऑपरेशन की सफलता का श्रेय DRG और CRPF जवानों की मेहनत के साथ मजबूत इंटेलिजेंस एवं इंफॉर्मेशन गैदरिंग नेटवर्क को दिया है।
दूसरे इलाकों में भी डंप की जानकारी, सत्यापन जारी
पुलिस का कहना है कि अन्य क्षेत्रों में भी नक्सलियों द्वारा हथियार और विस्फोटक छिपाकर रखे जाने की सूचनाएं मिल रही हैं। इन सूचनाओं का सत्यापन किया जा रहा है और जरूरत के मुताबिक संबंधित इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।

