सुकमा/रायपुर। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सल प्रभावित कोंटा क्षेत्र के एलाड़मड़गु कैंप के पास आईईडी (IED) को निष्क्रिय करने के दौरान जोरदार धमाका हो गया। इस विस्फोट की चपेट में आने से सीआरपीएफ के चार जवान घायल हो गए। घायलों में दो जवानों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दो को सामान्य चोटें आई हैं। सभी घायल जवानों को कोंटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए तेलंगाना के भद्राचलम स्थित हायर सेंटर ले जाया जा रहा है।
सर्चिंग के दौरान मिला IED, डिफ्यूज करते समय हुआ ब्लास्ट
जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा बलों की टीम एलाड़मड़गु कैंप के आसपास सर्चिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान जवानों को एक आईईडी मिला। सुरक्षा बलों ने विस्फोटक को निष्क्रिय करने की कार्रवाई शुरू की, तभी अचानक जोरदार धमाका हो गया। इसकी चपेट में आने से चार जवान घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद घायल जवानों को कोंटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए भद्राचलम रेफर किया गया है। घायल जवान सीआरपीएफ की 50वीं वाहिनी और एंटी टेररिस्ट टीम (ATT) से संबंधित बताए जा रहे हैं।

घायल जवानों में दो की हालत गंभीर
IED विस्फोट में घायल जवानों की पहचान इस प्रकार हुई है:
ASI एम. के. तिवारी (ATT टीम): गंभीर चोट
ASI अनीश खान (50वीं वाहिनी, CRPF): गंभीर चोट
निरीक्षक अमरनाथ मिश्रा (ATT टीम): सामान्य चोट
प्रधान आरक्षक कुलदीप राज (50वीं वाहिनी, CRPF): सामान्य चोट
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया दुख
सुकमा जिले के कोंटा क्षेत्र में सीआरपीएफ के चार जवानों के घायल होने की घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि घायल जवानों का समुचित उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने ईश्वर से सभी जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है। आसपास के इलाकों में सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी अन्य विस्फोटक या संदिग्ध गतिविधि का पता लगाया जा सके।

