तखतपुर। मुंगेली जिले के दसरंगपुर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मुंगेली विधायक और पूर्व खाद्य मंत्री पुन्नूलाल मोहले के भाई समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब तीनों मॉर्निंग वॉक के लिए सड़क पर निकले थे। इसी दौरान मुंगेली की ओर जा रहे पिकअप वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
पिकअप की चपेट में आए तीनों
मिली जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 6:30 बजे अधीन दास मोहले अपने दो साथियों बल्लू बघेल और गंगा राम के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। दसरंगपुर के मुख्य मार्ग पर इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल मुंगेली पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
जर्जर सड़क को लेकर उठे सवाल
हादसे के बाद बिलासपुर-तखतपुर-मुंगेली मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क लंबे समय से जर्जर है और इसकी मरम्मत को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। हालांकि, पुलिस फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि पिकअप की रफ्तार कितनी थी और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
जरहागांव थाना प्रभारी ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक मृतकों में अधीन मोहले, बल्लू बघेल और गंगा राम शामिल हैं। अधीन मोहले मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले के बड़े पिता के बेटे बताए गए हैं।

