कांकेर। उत्तर बस्तर कांकेर जिले में 14 वर्षीय नाबालिग के कथित यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग की तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकीय जांच के दौरान उसके करीब पांच माह की गर्भवती होने की जानकारी सामने आई। परिजनों की शिकायत के बाद ताड़ोकी पुलिस ने मामले में एक 44 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
इलाज के बहाने नाबालिग से संपर्क का आरोप
पुलिस के अनुसार, 15 अप्रैल 2026 को नाबालिग की तबीयत खराब होने पर उसके परिजन उसे आमागांव निवासी वैद्यराज रमेश कुमार पिस्दा के पास उपचार के लिए लेकर गए थे। आरोप है कि जांच के दौरान आरोपी ने नाबालिग को उसकी बच्चेदानी में समस्या होने और भविष्य में परेशानी की बात कही। इसके बाद उसे ताबीज भी दिया गया। पुलिस के मुताबिक, 25 मई को घरेलू काम के चलते नाबालिग को उसका परिजन आरोपी के घर लेकर गया था। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने नाबालिग को पूजा कक्ष में रखा और उसके साथ आए परिजन को अलग भेज दिया। इसके बाद भी नाबालिग को कई बार आरोपी के पास ले जाया गया।
अस्पताल की जांच में सामने आई गर्भावस्था
17 अक्टूबर को नाबालिग की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अंतागढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान उसके करीब पांच महीने की गर्भावस्था की जानकारी सामने आई। इसके बाद परिजनों ने नाबालिग से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग ने आरोप लगाया कि आरोपी उसे कथित तौर पर नशीली दवा देकर बेहोश करता था और इसी दौरान उसके साथ यौन शोषण किया गया।
BNS और POCSO के तहत मामला दर्ज
परिजन की लिखित शिकायत पर ताड़ोकी थाने में अपराध क्रमांक 13/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1), 64(2)(m), 65(1) और POCSO एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी रमेश कुमार पिस्दा (44) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस ने उसे 19 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की जानकारी उसके परिजनों को देने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए अदालत में पेश किया गया।
पुलिस की टीम ने की कार्रवाई
मामले की जांच और गिरफ्तारी की कार्रवाई थाना ताड़ोकी के निरीक्षक दिलीप पटेल, थाना अंतागढ़ की उपनिरीक्षक हेमलता परिहार, महिला आरक्षक रामेश्वरी नारेटी और आरक्षक विष्णु मंडावी की टीम ने की। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है। नाबालिग से जुड़े इस मामले में आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की अपील
कांकेर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बच्चों के साथ किसी भी तरह के शोषण या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। इसके लिए डायल 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या महिला रक्षा टीम हेल्पलाइन 9479155925 पर संपर्क किया जा सकता है।

