रायपुर। विजयादशमी के मौके पर छत्तीसगढ़ को एक साथ दो नई यात्री रेल सेवाओं की सौगात मिली है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि नई रेल कनेक्टिविटी से खासकर बस्तर और धमतरी क्षेत्र के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में रायपुर से रावघाट और आगे जगदलपुर तक रेल सेवा शुरू करने की मांग लंबे समय से चली आ रही थी। इसी दिशा में रायपुर से रावघाट के बीच नई ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया गया है।
रायपुर-कुरूद के बीच भी शुरू हुआ ट्रेन संचालन
CM साय ने बताया कि धमतरी और रायपुर के बीच पहले नैरो गेज यानी छोटी रेल सेवा उपलब्ध थी। अब इस रेल लाइन को ब्रॉड गेज में बदलने के बाद रायपुर से कुरूद तक यात्री ट्रेन का संचालन शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि दोनों नई रेल सेवाएं प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि हैं। इससे यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और संबंधित क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
‘छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय’
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एक ही दिन प्रदेश को दो नई ट्रेनों की सौगात मिलना छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से जिन क्षेत्रों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी की जरूरत थी, वहां अब सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।

