कोरिया। रविवार की सुबह कोरिया जिले में हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। चरचा थाना क्षेत्र के नगर गांव के पास राजहंस बस और बोलेरो के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। दुर्घटना में बोलेरो सवार रितु सिंह की मौत हो गई, जबकि चार बच्चों समेत 14 लोग घायल हो गए।
दर्शन के लिए निकले थे, रास्ते में हो गया हादसा
मिली जानकारी के अनुसार बोलेरो में सवार लोग चिरमिरी के खोखापानी क्षेत्र से कुदरगढ़ देवी धाम दर्शन के लिए रवाना हुए थे। सुबह करीब 7 बजे उनका वाहन नगर गांव के पास पहुंचा था। इसी दौरान सामने से आ रही राजहंस बस से बोलेरो की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बोलेरो में सवार कई लोगों को चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।
रितु सिंह की मौत, बच्चों समेत 14 घायल
हादसे में खोखापानी निवासी रितु सिंह की जान चली गई। दुर्घटना में चार बच्चों सहित कुल 14 लोगों के घायल होने की जानकारी है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई। सूचना मिलने के बाद 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल बैकुंठपुर ले जाया गया। अस्पताल में सभी घायलों का उपचार जारी है। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची।

