धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में कथित धर्मांतरण को लेकर विवाद सामने आया है। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने धर्मांतरण के आरोप लगाते हुए SDM कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि जिले में खुले तौर पर प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया जा रहा है और लोगों को प्रभावित कर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।
बोरिद खुर्द के दंपति विवाद से उठा मामला
मामला बोरिद खुर्द गांव से जुड़ा बताया जा रहा है। गांव का एक दंपति शुक्रवार को विवाद के बाद कोतवाली थाने पहुंचा। परिवार की ओर से आरोप लगाया गया कि निर्मला साहू ने वर्ष 2018 में डीकेश साहू से विवाह किया था। परिजनों के मुताबिक, शादी के करीब तीन साल बाद महिला प्रार्थना सभाओं में जाने लगीं। परिवार का कहना है कि महिला को इन सभाओं में जाने से रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने हिंदू रीति-रिवाजों का पालन करने से इनकार कर दिया।
प्रार्थना सभा में पहुंचने के बाद थाने ले गए परिजन
परिवार के अनुसार, शुक्रवार को महिला बिना बताए एक चंगाई सभा में चली गई थीं। पति को इसकी जानकारी मिलने के बाद वह वहां पहुंचे, जहां महिला के मौजूद होने की बात कही जा रही है। इसके बाद परिजन महिला को लेकर कोतवाली थाना पहुंचे। परिजनों का दावा है कि थाने में महिला ने अपनी धार्मिक आस्था बदलने से इनकार करते हुए कहा कि वह ईसाई धर्म नहीं छोड़ेगी, भले ही उसे परिवार से अलग क्यों न होना पड़े।
परिवार ने रखी शर्त
महिला के परिजनों ने कहा है कि वे उसे तभी वापस घर ले जाएंगे, जब वह हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार रहने के लिए तैयार होगी। परिवार का कहना है कि यदि महिला ऐसा नहीं करती हैं तो वे उन्हें वापस घर नहीं ले जाएंगे। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के सामने धर्मांतरण के आरोपों की जांच और कार्रवाई की मांग उठाई है।
लिखित शिकायत के बाद कार्रवाई की बात
मामले को लेकर SDM ने कहा है कि फिलहाल उनके पास कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। लिखित आवेदन मिलने के बाद तथ्यों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।

