रायगढ़। झाड़-फूंक के जरिए शादी कराने और बीमारी ठीक करने का झांसा देकर एक महिला के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि मुख्य आरोपी ने महिला को नींद की दवा पिलाकर वारदात को अंजाम दिया। इस पूरे मामले में एक महिला सहयोगी की भूमिका भी सामने आई है, जिसे पुलिस ने मुख्य आरोपी के साथ गिरफ्तार किया है।
मामले में घरघोड़ा पुलिस ने मुख्य आरोपी चंद्र कुमार जायसवाल और उसकी महिला सहयोगी गायत्री मानिकपुरी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने मिलकर पीड़िता को अपने झांसे में लिया और उससे करीब 6 लाख रुपये भी वसूल किए।

पुलिस के मुताबिक, मामले की शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की गई। जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

