नई दिल्ली/रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने देश के 6 राज्यों में एक साथ 33 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की है। यह कार्रवाई मामले के प्रमुख आरोपी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान सामने आए नए खुलासों के आधार पर की गई है।
जानकारी के मुताबिक, छापेमारी के दौरान कई स्थानों पर संचालित लाइव बेटिंग और जुए के पैनलों का पता चला। CBI ने कार्रवाई करते हुए कई बेटिंग पैनलों को ध्वस्त किया है। मौके से मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और कई आपत्तिजनक दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।

जांच के दौरान म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क से जुड़े अहम सबूत मिलने की बात सामने आई है। एजेंसी अब इन वित्तीय लेनदेन की कड़ियों को खंगाल रही है, ताकि सट्टे से अर्जित रकम के लेनदेन और नेटवर्क में शामिल लोगों की पहचान की जा सके।
गौरतलब है कि ओमान से प्रत्यर्पण के बाद सौरभ चंद्राकर से पूछताछ की गई थी। पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर CBI ने देशभर में यह कार्रवाई की है। जांच का दायरा अब विदेशों में बैठे आरोपियों के साथ-साथ कुछ सरकारी कर्मचारियों की कथित भूमिका तक पहुंच गया है।
CBI फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। साथ ही विदेश में छिपे आरोपियों को भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी तेज करने की तैयारी की जा रही है। महादेव सट्टा ऐप मामले में आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।

