महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिले में दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में चार महिलाओं की जान चली गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। ताजा घटना में मरीज को लेकर ओडिशा जा रही तेज रफ्तार एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं।
खड़े ट्रक से भिड़ी एंबुलेंस, दो महिलाओं की मौत
मिली जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस क्रमांक CG 04 NH 7746 एक मरीज को उपचार के बाद ओडिशा लेकर जा रही थी। इसी दौरान बागबाहरा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर देवाशीष स्कूल के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दो महिलाओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं और एक पुरुष घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। एंबुलेंस में सवार सभी लोग ओडिशा के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
पिछले महीने शादी से लौट रहे परिवार की कार ट्रक में घुसी थी
महासमुंद जिले में इससे पहले 23 तारीख को पटेवा थाना क्षेत्र के बावनकेरा चौक-झलप के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर भी बड़ा हादसा हुआ था। राजनांदगांव के मोतीपुर निवासी अमीन खान अपने बेटे की शादी की बारात लेकर खपरीखुर्द गए थे। कार्यक्रम के बाद परिवार के लोग कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ओवरटेक करने के प्रयास में तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। दुर्घटना में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को बाहर निकालकर महासमुंद मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया था। बताया गया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी।

