रायपुर। छठ महापर्व के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के कुनकुरी में श्रद्धा और आस्था के साथ पूजा-अर्चना की। वे अपनी पत्नी कौशल्या साय के साथ स्थानीय छठ घाट पहुंचे, जहां उन्होंने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। मुख्यमंत्री ने भगवान सूर्यदेव और छठी मैया से प्रदेश की तरक्की, शांति और प्रत्येक परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पर्व की बधाई देते हुए कहा कि छठ पूजा भारतीय लोक संस्कृति और आस्था से गहराई से जुड़ा महापर्व है। यह पर्व सूर्य, जल और प्रकृति के महत्व को समझने के साथ उनके प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का संदेश देता है।

छठ की परंपराएं सिखाती हैं संयम और समर्पण
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अपने विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में श्रद्धालुओं के बीच छठ महापर्व मनाना उनके लिए विशेष प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने कहा कि छठ पूजा में व्रतियों की आस्था, कठिन तपस्या, अनुशासन और पवित्रता देखने को मिलती है। ये परंपराएं हमारी सांस्कृतिक विरासत की विशेष पहचान हैं।उन्होंने कहा कि जशपुर जिले सहित कुनकुरी क्षेत्र में छठ पर्व को लेकर लोगों में विशेष उत्साह रहता है। श्रद्धालु पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए पूरे समर्पण के साथ भगवान सूर्य की उपासना करते हैं।
सामाजिक सद्भाव को मजबूत करता है छठ महापर्व
मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ पूजा का महत्व केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है। यह पर्व परिवारों को जोड़ने, समाज में आपसी सद्भाव बढ़ाने और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का भी माध्यम है। ऐसे पर्व नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराते हैं। मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि बने रहने की कामना की। उन्होंने छत्तीसगढ़ के निरंतर विकास और खुशहाली के लिए भी भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया से आशीर्वाद मांगा।

