राजनांदगांव। धान खरीदी सीजन में अवैध परिवहन और गड़बड़ी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी कड़ी में पाटेकोरा बैरियर पर जांच के दौरान अवैध रूप से धान ले जा रहे दो ट्रक पकड़े गए। दोनों वाहनों से करीब 595 क्विंटल धान बरामद कर जब्त किया गया है। प्रशासन ने वाहनों और धान को कब्जे में लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, कलेक्टर ने पाटेकोरा बैरियर पहुंचकर जांच व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों की मौजूदगी में वाहनों की जांच की गई, जिसमें धान से लदे दो ट्रकों में परिवहन संबंधी अनियमितता सामने आई। पहले ट्रक में 742 बोरे धान मिले, जिनका कुल वजन 306 क्विंटल बताया गया। वहीं, दूसरे ट्रक से 289 क्विंटल धान बरामद किया गया। इस तरह दोनों वाहनों से कुल लगभग 595 क्विंटल धान जब्त किया गया।
बैरियर पर वाहनों की सघन जांच के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बैरियर पर तैनात कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दूसरे क्षेत्रों से आने वाले वाहनों की नियमित और सघन जांच की जाए। बिना वैध दस्तावेज और अनुमति के धान का परिवहन किसी भी स्थिति में नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी के दौरान किसानों के हितों की रक्षा करना और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। अवैध तरीके से धान का परिवहन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ अधिकारी भी रहे मौजूद
कार्रवाई और निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, एसडीएम और खाद्य अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई को धान खरीदी व्यवस्था में अनियमितताओं पर अंकुश लगाने और अवैध परिवहन रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

