भिलाई नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा ने कसी कमर, कर्मवीर सिंह ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र

भिलाई। आगामी भिलाई नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में भाजपा जिला भिलाई की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में चुनावी रणनीति, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क और संगठन की मजबूती को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने और महापौर पद के साथ ही सभी 70 वार्डों में जीत हासिल करने का लक्ष्य लेकर काम करने का आह्वान किया।

बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडेय, सांसद लक्ष्मी वर्मा, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

बूथ मजबूत होगा तो चुनाव में मिलेगी जीत: कर्मवीर सिंह

प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव में बूथ प्रबंधन और मतदाताओं से सीधा संपर्क सबसे महत्वपूर्ण है। विधानसभा और लोकसभा चुनाव की तुलना में नगर निगम चुनाव अधिक चुनौतीपूर्ण होता है, क्योंकि यहां मतदाता प्रत्याशी को व्यक्तिगत रूप से जानता है। इसलिए कार्यकर्ताओं को केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि पूरे साल जनता के बीच सक्रिय रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करना चाहिए।

उन्होंने रामायण के प्रसंगों का उल्लेख करते हुए समाज के सभी वर्गों को संगठन से जोड़ने और बूथ स्तर तक मजबूती से काम करने की बात कही। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 29 नवंबर को प्रत्येक बूथ पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं 4 दिसंबर को घरों पर भाजपा का ध्वज लगाने तथा 5 से 9 दिसंबर तक घर-घर संपर्क, नुक्कड़ सभाओं और सामाजिक बैठकों के माध्यम से जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।

मतभेद भुलाकर संगठन के लिए काम करें कार्यकर्ता: विजय शर्मा

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता राष्ट्र और समाज के व्यापक हित को ध्यान में रखकर काम करता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत मतभेदों और भ्रम से दूर रहकर संगठन के प्रति विश्वास के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए धैर्य, समर्पण और निरंतर प्रयास जरूरी हैं। युवा मोर्चा, महिला मोर्चा और सभी प्रकोष्ठों को बूथ स्तर पर अपनी सक्रियता बढ़ानी चाहिए।

एक-एक वोट का महत्व समझें, घर-घर पहुंचें: सरोज पांडेय

पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय ने कहा कि पिछले चुनावों में कई वार्डों में हार-जीत का अंतर बेहद कम रहा था। ऐसे में प्रत्येक वोट महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करने और पार्टी की नीतियों व सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यकर्ताओं का चुनाव है और पार्टी का वरिष्ठ नेतृत्व पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ा है।

एकजुटता ही जीत की सबसे बड़ी ताकत: प्रेमप्रकाश पांडेय

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडेय ने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनावों में जनता ने भाजपा पर जो भरोसा जताया है, उसे नगरीय निकाय चुनाव में भी कायम रखना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। बूथ समितियों की सक्रियता, शक्ति केंद्रों के बीच बेहतर समन्वय और वार्ड स्तर पर जिम्मेदारियों का सही निर्वहन चुनावी सफलता की कुंजी है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा, “एक-दूसरे के पीछे खड़े रहेंगे तो जीतेंगे, एक-दूसरे के पीछे पड़ेंगे तो विपक्ष जीतेगा।” उन्होंने महापौर पद सहित सभी 70 वार्डों में जीत का लक्ष्य लेकर काम करने की बात कही।

सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाएं: भूपेंद्र सवन्नी

क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। कार्यकर्ताओं को इन उपलब्धियों की जानकारी प्रत्येक घर तक पहुंचानी चाहिए, ताकि जनता के बीच सरकार के कार्यों को लेकर सकारात्मक संदेश जाए।

स्थानीय चुनाव में व्यक्तिगत संपर्क अहम: रिकेश सेन

वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने कहा कि पार्षद चुनाव में प्रत्याशी का व्यवहार, कार्यशैली और जनता के साथ उसका व्यक्तिगत संपर्क काफी मायने रखता है। इसलिए संभावित प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं को जनता के बीच लगातार सक्रिय रहना होगा। उन्होंने संगठन की एकजुटता को चुनावी सफलता का सबसे बड़ा आधार बताया।

संगठन पूरी तैयारी के साथ चुनावी मैदान में उतरेगा: पुरुषोत्तम देवांगन

जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी चुनावी तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा जिला भिलाई का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ चुनाव के लिए तैयार है। सभी मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ समितियां आपसी समन्वय से काम करेंगी और नगर निगम में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रयास करेंगी।

बैठक में पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ नेता सहित प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मनीष अग्रवाल ने किया, जबकि जिला उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण वर्मा ने आभार व्यक्त किया।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

26 नवंबर को लगेगा सीएम साय का जनदर्शन, दोपहर...

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जनदर्शन कार्यक्रम गुरुवार, 26 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री निवास, सिविल लाइन, रायपुर में दोपहर 12 बजे से...

दुर्ग में सीएम साय आज 195 करोड़ के विकास...

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दुर्ग जिले के तीन नगरीय निकाय क्षेत्रों को करीब 195 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात...

महादेव ऑनलाइन सट्टा केस में ED की बड़ी कार्रवाई,...

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित...

दुर्ग ITI में पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन...

दुर्ग। आदर्श शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) में पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में वीडियो...