रायपुर। राजधानी के पंडरी थाना क्षेत्र में स्पोर्ट्स शोरूम में हुई चोरी की वारदात को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। लोधीपारा चौक स्थित खेल एरिना स्पोर्ट्स शोरूम को निशाना बनाने वाले तीन अपचारी बालकों को पुलिस ने धमतरी और नागपुर से पकड़ा है। उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की गई रकम में से 2 लाख 52 हजार 700 रुपये बरामद किए गए हैं। इसके अलावा दुकान से ले जाया गया POI Power Switch भी जब्त किया गया है।
शटर का ताला खुला मिला, गल्ले से गायब थे 2.56 लाख रुपये
पुलिस के मुताबिक, शोरूम संचालक ऐश्वर्य मार्या ने 24 नवंबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर शटर में ताला लगाया था। अगले दिन 25 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे जब दुकान खोली गई तो शटर का ताला खुला मिला। अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की दिशा भी बदली हुई थी। जांच करने पर गल्ले में रखे 2 लाख 56 हजार 163 रुपये और एक POI Power Switch गायब मिला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सीसीटीवी फुटेज से मिला संदिग्ध का सुराग
घटना की जांच के दौरान पुलिस ने शोरूम और आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में रात करीब 2 बजे लाल रंग की हुडी पहने और चेहरा ढके एक संदिग्ध की गतिविधियां दिखाई दीं। वह दुकान के भीतर प्रवेश कर सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदलता नजर आया। इसके बाद दुकान से नकदी और POI Power Switch लेकर निकल गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने POI Power Switch को सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर समझकर अपने साथ ले लिया था।
धमतरी और नागपुर में तलाश कर पकड़े गए तीनों
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम बनाई गई। एडीसीपी आदित्य पांडे और एसीपी पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक परेश पांडे के नेतृत्व में पुलिस ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस को पता चला कि घटना के बाद तीनों अपचारी बालक अलग-अलग स्थानों पर चले गए हैं। इसके बाद टीम ने धमतरी और नागपुर में तलाश अभियान चलाया और तीनों को पकड़ लिया। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर कार्रवाई पूरी की।
2.52 लाख रुपये नकद और पावर स्विच बरामद
पुलिस ने तीनों अपचारी बालकों की निशानदेही पर चोरी की गई रकम में से 2 लाख 52 हजार 700 रुपये बरामद किए हैं। इसके साथ ही शोरूम से ले जाया गया POI Power Switch भी जब्त कर लिया गया है। चोरी हुई कुल रकम 2 लाख 56 हजार 163 रुपये थी।

