बिलासपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) में नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर हो रही देरी अब हाईकोर्ट के निशाने पर है। बिलासपुर हाईकोर्ट ने इस मामले में राज्य शासन और आयोग को नोटिस जारी करते हुए 14 दिसंबर तक नियुक्ति प्रक्रिया की स्थिति और अब तक हुई प्रगति का पूरा ब्यौरा पेश करने को कहा है। अदालत ने साफ संकेत दिया है कि तय समय में नियुक्ति नहीं हुई तो सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।
जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान राज्य शासन ने कोर्ट को बताया कि अध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। दूसरी ओर, आयोग में नियमित अध्यक्ष नहीं होने के कारण मनोचिकित्सक विशेषज्ञों के साक्षात्कार भी प्रभावित हो रहे हैं। याचिकाकर्ता की ओर से सुझाव दिया गया कि स्थायी अध्यक्ष की नियुक्ति होने तक कार्यवाहक अध्यक्ष की जिम्मेदारी किसी अधिकारी को सौंपकर लंबित इंटरव्यू पूरे कराए जा सकते हैं।
पुराने आदेश के बाद भी नियुक्ति नहीं होने पर नाराजगी
चीफ जस्टिस कृष्ण राम महापात्र और जस्टिस संतोष शर्मा की डिवीजन बेंच ने 26 अक्टूबर को दिए गए पूर्व आदेश के बावजूद नियुक्ति नहीं होने पर नाराजगी जताई। कोर्ट ने शासन और आयोग को 14 दिसंबर को होने वाली अगली सुनवाई में अध्यक्ष की नियुक्ति की स्थिति के साथ लंबित साक्षात्कारों का विवरण भी देने का निर्देश दिया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि नियुक्ति में बेवजह देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
तीन महीने से अध्यक्ष विहीन है आयोग
CGPSC में नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति लंबे समय से लंबित है। आयोग बीते करीब तीन वर्षों से कार्यकारी अध्यक्ष के माध्यम से काम कर रहा था। पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष रीता शांडिल्य का कार्यकाल 8 सितंबर 2026 को समाप्त हो गया। इसके बाद से आयोग में न तो नियमित अध्यक्ष है और न ही कार्यकारी अध्यक्ष। इस प्रशासनिक रिक्तता का असर भर्ती और पदोन्नति से जुड़ी प्रक्रियाओं पर पड़ रहा है।
150 से 155 पदों की नई भर्ती का विज्ञापन अटका
अध्यक्ष का पद खाली होने का असर नई भर्तियों पर भी दिखाई दे रहा है। राज्य सेवा परीक्षा-2026 के लिए करीब 150 से 155 पदों का विज्ञापन तैयार बताया जा रहा है, लेकिन 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर भी इसे जारी नहीं किया जा सका। प्रस्तावित भर्ती में डिप्टी कलेक्टर के 10 और डीएसपी के 5 पद शामिल हैं। बताया जा रहा है कि अध्यक्ष की नियुक्ति और उनके हस्ताक्षर के बाद ही विज्ञापन जारी हो पाएगा।
608 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू का इंतजार
राज्य सेवा परीक्षा-2025 के तहत 265 पदों पर भर्ती के लिए मुख्य परीक्षा पास कर चुके 608 अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार भी लंबित है। इसके अलावा पुलिस विभाग की एसआई भर्ती परीक्षा से जुड़ी प्रक्रिया और करीब 5 हजार सरकारी कर्मचारियों की पदोन्नति के मामले भी प्रभावित बताए जा रहे हैं।

