रायपुर। छत्तीसगढ़ी भाषा और स्थानीय बोलियों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रदेशभर के शासकीय स्कूलों में ‘महतारी भाखा सम्मान सप्ताह’ आयोजित किया जाएगा। 27 नवंबर से शुरू होकर 5 दिसंबर तक चलने वाले इस आयोजन में विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग भाषाई और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं होंगी। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा, लोकसंस्कृति और परंपराओं से जोड़ना है।
छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के लिए संस्कृति विभाग ने स्कूल शिक्षा विभाग को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत मिडिल, हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों के विद्यार्थियों को अपनी मातृभाषा में विचार व्यक्त करने और प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
किस दिन कौन-सी प्रतियोगिता होगी?
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मिडिल स्कूलों में निबंध प्रतियोगिता से गतिविधियों की शुरुआत होगी। इसके बाद 30 नवंबर को मिडिल स्कूल स्तर पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं 1 दिसंबर को हाई स्कूलों में वाद-विवाद और 2 दिसंबर को लोकगीत प्रतियोगिता होगी। हायर सेकेंडरी स्कूलों में 3 दिसंबर को निबंध और 4 दिसंबर को भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके अलावा 5 दिसंबर को महाविद्यालय स्तर पर वाद-विवाद प्रतियोगिता रखी गई है। 28 नवंबर को छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग की ओर से रायपुर में राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़ी दिवस कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
प्रतियोगिताओं के लिए समय-सीमा तय
निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को अधिकतम 200 शब्द लिखने होंगे और इसके लिए 45 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। भाषण, वाद-विवाद और लोकगीत प्रतियोगिताओं में प्रत्येक प्रतिभागी को अपनी प्रस्तुति के लिए अधिकतम पांच मिनट मिलेंगे। प्रतियोगिताओं के आयोजन स्थल और निर्णायक मंडल का चयन स्कूल शिक्षा विभाग करेगा।
विजेताओं को मिलेगा प्रशस्ति पत्र और प्रमाण पत्र
जिलों में मिडिल, हाई और हायर सेकेंडरी स्कूल स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को संस्कृति विभाग की ओर से प्रशस्ति पत्र एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजन के दौरान छत्तीसगढ़ी और स्थानीय मातृभाषाओं की गरिमा और सांस्कृतिक परंपराओं का ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। विभाग ने सभी जिलों से प्रतिदिन आयोजित गतिविधियों, प्रतिभागियों की संख्या और विजेता विद्यार्थियों की नामवार जानकारी निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराने को कहा है।
स्थानीय भाषा और संस्कृति से नई पीढ़ी को जोड़ने की पहल
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग की स्थापना 14 अगस्त 2008 को हुई थी। आयोग छत्तीसगढ़ी और अन्य स्थानीय भाषाओं एवं बोलियों के अनुसंधान, दस्तावेजीकरण, साहित्य सृजन, अनुवाद और प्रचार-प्रसार के लिए काम करता है। साथ ही प्रशासनिक कामकाज में छत्तीसगढ़ी भाषा के उपयोग को बढ़ावा देने का प्रयास भी किया जा रहा है।

