मध्यप्रदेश से तुलना में DA/DR के मामले में छत्तीसगढ़ पिछड़ा: 3.85 लाख कर्मचारी और 1.50 लाख पेंशनर्स को नुकसान का दावा, चटर्जी बोले – दो राज्यों में भुगतान का अंतर क्यों?

रायपुर। छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के सरकारी कर्मचारियों एवं पेंशनर्स के महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन ने राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। फेडरेशन का आरोप है कि जुलाई 2019 से नवंबर 2026 तक महंगाई भत्ते की स्वीकृति और भुगतान के मामले में छत्तीसगढ़ के कर्मचारी मध्यप्रदेश से पीछे रहे हैं। इस अंतर के कारण प्रदेश के लगभग 3.85 लाख कर्मचारी और 1.50 लाख पेंशनर्स को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन के प्रांताध्यक्ष राजेश चटर्जी ने चंद्रशेखर चंद्राकर, राकेश साहू और राजेन्द्र चंद्राकर के साथ जारी बयान में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की DA/DR दरों की वर्षवार तुलना प्रस्तुत की। इसके मुताबिक जुलाई 2019 में मध्यप्रदेश में 17 प्रतिशत और छत्तीसगढ़ में 12 प्रतिशत महंगाई भत्ता था। जनवरी 2020 में यह अंतर 21 और 17 प्रतिशत, जबकि जुलाई 2021 में 28 और 22 प्रतिशत था।

फेडरेशन के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2022 में मध्यप्रदेश में 31 प्रतिशत और छत्तीसगढ़ में 28 प्रतिशत, जुलाई 2022 में 34 और 30 प्रतिशत, जनवरी 2023 में 38 और 34 प्रतिशत तथा जुलाई 2023 में 42 और 38 प्रतिशत DA था। इसी तरह जनवरी 2024 में 46 और 42 प्रतिशत, जुलाई 2024 में 50 और 46 प्रतिशत, जनवरी 2025 में 55 और 50 प्रतिशत तथा जुलाई 2025 में 58 और 55 प्रतिशत की दर रही।

जनवरी 2026 में मध्यप्रदेश में 60 प्रतिशत और छत्तीसगढ़ में 58 प्रतिशत DA बताया गया है। वहीं नवंबर 2026 की स्थिति में दोनों राज्यों में महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत होने की बात कही गई है।

एरियर भुगतान को लेकर उठाए सवाल

फेडरेशन का कहना है कि मध्यप्रदेश सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनर्स को महंगाई भत्ते का लाभ देय तिथि से एरियर सहित दिया, जबकि छत्तीसगढ़ में एरियर का भुगतान नहीं किया गया। संगठन ने विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान शासकीय सेवकों और पेंशनर्स के हित में मोदी की गारंटी के तहत की गई घोषणा के क्रियान्वयन पर भी सवाल उठाए हैं।

50 हजार मूल वेतन पर 10 हजार रुपये के अंतर का उदाहरण

राजेश चटर्जी ने बताया कि हाल ही में दोनों राज्यों के बीच DA/DR की स्वीकृति तिथि और भुगतान को लेकर 2 प्रतिशत का अंतर बना हुआ है। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि यदि किसी कर्मचारी का मूल वेतन 50 हजार रुपये है, तो 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता 1,000 रुपये प्रतिमाह होगा। जनवरी से सितंबर 2026 तक नौ महीने का एरियर 9,000 रुपये बनता है।

फेडरेशन के मुताबिक, मध्यप्रदेश में जनवरी से सितंबर 2026 तक के 2 प्रतिशत अतिरिक्त DA का एरियर तीन समान किस्तों में दिए जाने का प्रावधान है, जबकि छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों को 2 प्रतिशत वृद्धि का आर्थिक लाभ नवंबर 2026 से मिलेगा। संगठन का दावा है कि इससे छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों और पेंशनर्स को वित्तीय नुकसान हो रहा है।

सरकार से फेडरेशन का सवाल

फेडरेशन ने राज्य सरकार से पूछा है कि जब केंद्र सरकार के समान मध्यप्रदेश सरकार अपने कर्मचारियों और पेंशनर्स को DA/DR की स्वीकृति देय तिथि से एरियर सहित दे रही है, तो छत्तीसगढ़ में भी ऐसा क्यों नहीं किया जा रहा है?

संगठन का कहना है कि DA/DR की स्वीकृति और भुगतान में देरी का असर केवल वर्तमान वेतन पर ही नहीं, बल्कि कर्मचारियों के भविष्य के आर्थिक लाभ और पेंशन निर्धारण पर भी पड़ता है। फेडरेशन ने सरकार से इस अंतर को दूर करने और कर्मचारियों एवं पेंशनर्स को देय तिथि से महंगाई भत्ते तथा महंगाई राहत का लाभ देने की मांग की है।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

दुर्ग में पैतृक जमीन हड़पने फर्जी दस्तावेज तैयार करने...

दुर्ग। जिले के उतई थाना क्षेत्र के ग्राम डुंडेरा में पैतृक कृषि भूमि को हड़पने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार करने का मामला सामने...

शराब घोटाले का 1280 करोड़ का ‘मनीमैन’ गिरफ्तार, दुबई...

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में फरार चल रहे आरोपी विकास अग्रवाल को भारत वापस लाने में बड़ी सफलता मिली है। केंद्रीय...

छत्तीसगढ़ में होगा बड़ा बदलाव : विधानसभा की 45...

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में आने वाले समय में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। केंद्र सरकार की ओर से परिसीमन और महिला...

राइस मिलों में करोड़ों का धान कम : खाद्य...

बलौदाबाजार। जिले में धान भंडारण और कस्टम मिलिंग की व्यवस्था में गड़बड़ी की आशंका पर खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर कुलदीप...