छात्रों और मजदूरों को बड़ी राहत, जिला प्रशासन शुरू करेगा 5 किलो LPG सिलेंडर की नई व्यवस्था

बिलासपुर। न्यायधानी में पढ़ाई के लिए रह रहे बाहरी छात्रों, कामकाजी महिलाओं और मजदूरों के लिए राहत भरी खबर है। शहर में गैस सिलेंडर को लेकर आ रही दिक्कतों को देखते हुए जिला प्रशासन ने एक नई पहल की है। अब अस्थायी रूप से रहने वाले इन वर्गों के लिए 5 किलोग्राम वाले एलपीजी (LPG) गैस सिलेंडर की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

अवैध रिफिलिंग पर सख्ती के बाद उपजा संकट

दरअसल, मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के चलते देशभर में गैस और ईंधन आपूर्ति को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में बिलासपुर जिला प्रशासन ने भी अवैध गैस रिफिलिंग पर कड़ा शिकंजा कसा है। इस सख्ती के कारण उन लोगों के सामने संकट खड़ा हो गया था, जिनके पास स्थाई गैस कनेक्शन नहीं है। विशेषकर छोटे कमरों में रहने वाले छात्र और दिहाड़ी मजदूर खाना पकाने के लिए छोटे सिलेंडरों पर निर्भर थे, जिनकी उपलब्धता कम हो गई थी।

शुरू होगी ‘फ्री ट्रेड LPG’ व्यवस्था

गैस संकट से रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित न हो, इसके लिए प्रशासन ने फ्री ट्रेड एलपीजी (FTL) सिलेंडर की नई व्यवस्था तैयार की है।

  • दैनिक आपूर्ति: शहर में रोजाना लगभग 800 छोटे सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।
  • किसे मिलेगा लाभ: यह व्यवस्था मुख्य रूप से बाहरी राज्यों या जिलों से आए स्टूडेंट्स, कामकाजी महिलाओं और मजदूरों के लिए है।
  • आसान प्रक्रिया: फ्री ट्रेड सिलेंडर होने के कारण इसके लिए लंबे-चौड़े दस्तावेजों या स्थाई पते के प्रमाण की अनिवार्यता कम होगी, जिससे अस्थायी निवासियों को इसे प्राप्त करने में आसानी होगी।

हजारों लोगों को मिलेगी सुविधा

बिलासपुर एक एजुकेशन और वर्किंग हब है, जहां बड़ी संख्या में लोग किराए के मकानों या हॉस्टल में रहते हैं। जिला प्रशासन की इस तैयारी से उन हजारों लोगों को राहत मिलेगी जो अब तक छोटे सिलेंडरों की कमी के कारण परेशान हो रहे थे। अधिकारियों का कहना है कि इस पारदर्शी व्यवस्था से अवैध रिफिलिंग पर भी लगाम लगेगी और आम जनता को सुरक्षित तरीके से ईंधन मिल सकेगा।

Exit mobile version