दुर्ग में सराफा कारोबारी पर चाकू से हमला, 11वीं के छात्र ने किया वार, पुरानी रंजिश बनी वजह

दुर्ग। जिले में एक ज्वेलरी कारोबारी पर चाकूबाजी की घटना सामने आई है। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। पुलिस ने आरोपी नाबालिग को गिरफ्तार कर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार मास्क लगाए एक युवक चांदी की चेन लेकर दुकान पर पहुंचा और गिरवी रखने की बात कही। दुकान संचालक किशोर रंजन पालित ने इनकार करते हुए दूसरी दुकान पर जाने को कहा तो युवक ने छिपा रखा चाकू निकालकर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में कारोबारी के चेहरे और हाथ पर गंभीर चोटें आई हैं। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।

सीएसपी हर्षित मेहर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी 11वीं कक्षा का छात्र है। दो साल पहले वह पालित की दुकान पर चांदी की चेन खरीदने गया था। चेन 450 रुपए की थी, उसके पास 350 रुपए ही थे। कीमत कम करने को कहा तो कारोबारी ने कहा था कि औकात नहीं है तो दुकान में क्यों आते हो। इसी अपमान से आहत होकर उसने रंजिश पाल ली थी। पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया।

Exit mobile version