बिलासपुर। राष्ट्रीय पार्टी में बड़ा पद दिलाने के नाम पर 82 लाख 63 हजार रुपये की ठगी करने वाली महिला को सरकंडा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान निखत परवीन शाबरी उर्फ निक्की निवासी खोंगापानी, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार श्री विहार, सरकंडा निवासी चेतन आनंद दुबे की 2025 में फेसबुक पर आरोपी से पहचान हुई थी। महिला ने खुद को राष्ट्रीय पार्टी की कार्यकर्ता बताते हुए बड़े नेताओं से संपर्क का दावा किया। पहले जमीन विवाद सुलझाने में मदद का झांसा देकर विश्वास जीता, फिर राजनीति में बड़ा पद और ज्वाइनिंग दिलाने के नाम पर पार्टी फंड और कागजी प्रक्रिया के नाम पर प्रार्थी और उसके दोस्तों सतीश अग्रहरी, अंकित पाण्डेय और डॉ. गायत्री गुप्ता के खातों व नकद के जरिए कुल 82,63,194 रुपये ले लिए।

रकम वापस मांगने पर आरोपी ने झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। शिकायत पर थाना सरकंडा में अपराध क्र. 1376/2026 धारा 318(4) BNS के तहत केस दर्ज किया गया। विशेष टीम ने झगराखांड-खोंगापानी से महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने पर मोबाइल, आधार और बायोडाटा जब्त किया गया। आपराधिक इतिहास मिलने पर धारा 119(1) BNS जोड़ी गई।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पर पहले भी झगराखांड में मारपीट, वसूली, जुआ एक्ट और रायपुर सिविल लाइन में वसूली के मामले दर्ज हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।