कच्चा मकान भरभराकर गिरा, महिला की मौत, पति और 15 साल का बच्चा घायल

रायगढ़। जिले के पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम नंदेली के महंत पारा में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के वक्त घर के अंदर मौजूद एक ही परिवार के तीन सदस्य मलबे में दब गए। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति और 15 वर्षीय बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, अचानक मकान गिरने से रोहिणी महंत, उनके पति रतन दास और 15 वर्षीय बच्चा मलबे में दब गए। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला। हादसे में रोहिणी महंत की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घायल रतन दास और 15 वर्षीय बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुसौर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कच्चा मकान किन परिस्थितियों में अचानक गिरा। हादसे के बाद नंदेली गांव में शोक का माहौल है।

Exit mobile version