धर्मांतरण को लेकर बवाल, मारपीट के बाद सड़क जाम, गांव में भारी पुलिस बल तैनात

नारायणपुर। जिले के भरण्डा गांव में धर्मांतरण के आरोपों को लेकर तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, “प्रेस” लिखे एक चारपहिया वाहन में कुछ लोग गांव पहुंचे थे। आरोप है कि वाहन में सवार लोग आदिवासी समुदाय के लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे थे। इस बात को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और विवाद शुरू हो गया।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पहुंचे लोगों की गतिविधियों पर संदेह होने के बाद उनसे पूछताछ की गई। इसी दौरान आदिवासी ग्रामीणों और मतांतरित समुदाय के कुछ लोगों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना के बाद पूरे गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया।

पत्रकारिता की आड़ में धर्मांतरण कराने का आरोप

आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ लोग पत्रकारिता की आड़ में धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना है कि ऐसी गतिविधियों से पत्रकारिता की छवि भी धूमिल हो रही है। ग्रामीणों ने मामले के विरोध में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।

मौके पर भारी पुलिस बल तैनात

स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल पुलिस बल को मौके पर भेजा। गांव और आसपास के क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर माहौल को शांत करने का प्रयास किया।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। धर्मांतरण के आरोपों, मारपीट और विवाद की परिस्थितियों सहित सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। मामले से जुड़े लोगों के बयान लिए जा रहे हैं और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने क्षेत्र के लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी जानकारी की पुष्टि के बाद ही प्रतिक्रिया देने को कहा गया है। फिलहाल भरण्डा गांव में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।

Exit mobile version