जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा विकासखंड के काठापाली गांव स्थित शासकीय स्कूल में शिक्षिका द्वारा बच्चों के सामने तंत्र-मंत्र जैसी गतिविधि किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद बच्चों के परिजनों ने आपत्ति जताते हुए स्कूल प्रबंधन से शिकायत की, जिसके बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित शिक्षिका को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जानकारी के अनुसार, स्कूल की शिक्षिका गीता कुम्भकार की सोने की बाली स्कूल परिसर में कहीं गुम हो गई थी। बाली की तलाश के दौरान शिक्षिका लाल कपड़े पर नारियल और चावल रखकर बच्चों के बीच पहुंचीं। उन्होंने बच्चों से कहा कि जिसने भी बाली ली है, वह उसे वापस कर दे। साथ ही बाली वापस नहीं करने पर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी।

इस घटना से बच्चे सहम गए। मामले की जानकारी मिलने पर अभिभावकों ने स्कूल के प्रधानपाठक से शिकायत की। प्रधानपाठक ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) और जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को दी।
शिकायत मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले की जांच कराते हुए शिक्षिका गीता कुम्भकार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। शिक्षा विभाग ने बच्चों के सामने इस तरह की गतिविधि को अनुचित बताते हुए निर्धारित समय सीमा में जवाब मांगा है। शिक्षा विभाग का कहना है कि शिक्षिका के जवाब और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।