कांकेर। शहर में शनिवार को गौरवपथ पर पंडरीपानी के पास तेज रफ्तार यात्री बस ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में पिता मुकेश और उनके मासूम पुत्र खिलेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लीशा मंडावी और दुर्गेश्वरी मंडावी गंभीर रूप से घायल हो गईं। फिलहाल दोनों मासूमों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक पर चार लोग सवार थे। सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ने नियंत्रण खोते हुए बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार पिता और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह हादसा नगर के बाईपास क्षेत्र, अंग्रेजी शराब दुकान के पास, कोतवाली थाना क्षेत्र में हुआ। घटना के बाद लोगों में आक्रोश देखने को मिला और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि तेज गति से वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।