तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलटी, युवती की मौत, तीन घायल

रायपुर। राजधानी रायपुर के मंदिरहसौद थाना क्षेत्र में देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सेडीखेड़ी इलाके में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई और इसके बाद सड़क पर पलट गई। हादसे में कार सवार एक युवती की मौत हो गई, जबकि दो युवक और एक अन्य युवती घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, युवक-युवतियां नया रायपुर की ओर गए थे और देर रात कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सेडीखेड़ी के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सड़क पर पलट गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही मंदिरहसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने एक युवती को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो युवक और एक अन्य युवती का उपचार जारी है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सहित आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह?

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में कार की तेज रफ्तार और अचानक नियंत्रण बिगड़ना हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसे के वक्त कार की रफ्तार कितनी थी और किन परिस्थितियों में चालक का वाहन से नियंत्रण छूटा।

राजधानी में लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों के बीच यह दुर्घटना एक बार फिर तेज रफ्तार और वाहन चलाते समय लापरवाही के खतरों को सामने लाती है। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और तेज रफ्तार से वाहन नहीं चलाने की अपील की है।

Exit mobile version