बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक का कहर देखने को मिला। किरारी स्थित पुराने पेट्रोल पंप के सामने ट्रक और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक चला रहे 40 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक में सवार पिता और उनका 8 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब 4 बजे की है। ट्रक क्रमांक CG 16 A 1981 मस्तूरी से बिलासपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक क्रमांक CG 10 Y 8233 को ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे ग्राम रिसदा निवासी सोमनाथ श्रीवास (40) ट्रक के पहियों के नीचे आ गए। उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

वहीं बाइक में सवार राकेश यादव और उनका 8 वर्षीय बेटा शौर्य सड़क पर दूर जा गिरे। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि सोमनाथ अपने पड़ोसी राकेश यादव और उनके बेटे को इलाज के लिए बिलासपुर लेकर आए थे। अस्पताल से लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घायलों को सिम्स किया गया रेफर
घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को सिम्स रेफर किया गया है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। वहीं, पड़ोसी की मदद के लिए निकले सोमनाथ श्रीवास की इस तरह असमय मौत से ग्राम रिसदा में शोक का माहौल है।

