तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, 3 युवकों की मौके पर मौत

बिलासपुर। जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हो गया। जूनापारा पुलिस चौकी के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। यह घटना शनिवार को हुई।

30 फीट तक बाइक को घसीटता ले गया ट्रक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जूनापारा के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक बाइक को करीब 30 फीट तक घसीटता हुआ ले गया। बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन भी प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही जूनापारा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है।

मृतकों की पहचान नहीं, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस के अनुसार, मृतकों के पास से फिलहाल कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज नहीं मिला है, जिसके चलते उनकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों में संपर्क कर मृतकों की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। वहीं, फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी का पता लगाने के लिए मुख्य मार्ग और आसपास के ढाबों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version